दिल्ली की सीमाओं पर लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए राजधानी के 154 प्रवेश द्वारों पर मल्टी लेन फ्री फ्लो (एमएलएफएफ) यानी बहु-लेन निर्बाध टोल वसूली प्रणाली लागू करने की तैयारी तेज हो गई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को उम्मीद है कि इस नई व्यवस्था से टोल प्लाजा पर लगने वाली वाहनों की लंबी कतारें खत्म होंगी और सीमाओं पर यातायात सुचारु हो सकेगा। कई स्थानों पर इसका परीक्षण शुरू कर दिया गया है और परियोजना का काम जल्द पूरा होने की उम्मीद है।

दरअसल, दिल्ली में प्रवेश करने वाले व्यावसायिक वाहनों को टोल चुकाने के लिए अक्सर बूथ पर रुकना पड़ता है, जिससे सीमाओं पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। इसका असर यातायात के साथ पर्यावरण पर भी पड़ता है, क्योंकि वाहनों के लंबे समय तक खड़े रहने से ईंधन की खपत और प्रदूषण बढ़ता है। एनएचएआई इस समस्या के समाधान पर लगातार नजर रखे हुए है।

टोल वसूली से जुड़ा यह मामला एनएचएआई सुप्रीम कोर्ट लेकर गई थी। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने नई व्यवस्था लागू करने की दिशा में काम तेज कर दिया है। एनएचएआई के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, नई व्यवस्था लागू होने के बाद जाम को लेकर लगातार अध्ययन किया जाएगा।

एमएलएफएफ प्रणाली में वाहन चालकों को टोल चुकाने के लिए रुकने की जरूरत नहीं होगी। वाहनों पर लगे रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (आरएफआईडी) टैग को सेंसर स्कैन करेंगे, जबकि विशेष कैमरों से नंबर प्लेट की तस्वीर लेकर वाहन का पंजीकरण नंबर दर्ज किया जाएगा। इन दोनों माध्यमों से वाहन की पहचान कर टोल भुगतान की प्रक्रिया पूरी होगी।