राजधानी दिल्ली की हवा ठंड बढ़ने के साथ फिर जहरीली हो गई है। बुधवार को एक्यूआई 232 दर्ज किया गया, जो 'खराब' श्रेणी में आता है। मंगलवार को हवा में थोड़ा सुधार हुआ था, लेकिन एक दिन बाद यह करीब 30 अंक बढ़ गया। इस दौरान पीएम 2.5 सबसे बड़ा प्रदूषक रहा। बुधवार को 58 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों में से 33 में हवा 'खराब', 20 में 'मध्यम' और पांच में 'बेहद खराब' श्रेणी में रही।

इस बीच सुप्रीम कोर्ट में बच्चों की कस्टडी से जुड़े एक मामले की सुनवाई के दौरान प्रदूषण पर हल्के-फुल्के अंदाज में टिप्पणी हुई। न्यूज 18 की एक रिपोर्ट के मुताबिक एक पिता ने अपनी अलग रह रही पत्नी पर आरोप लगाया था कि वह अदालत के पिता से मुलाकात कराने के आदेश के खिलाफ बच्चों को सिंगापुर ले गईं। जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस केवी विश्वनाथन की बेंच ने फैसला सुनाते हुए दिल्ली में रहने वाले पिता को सलाह दी कि जब तक प्रदूषण का स्तर नहीं सुधरता, तब तक वह सिंगापुर में रह रहे अपने बेटे को दिल्ली न लाएं।

पीठ ने पिता को सुझाव दिया कि वह समय-समय पर अपने बेटे से मिलने सिंगापुर जाएं और अपनी बेटी को एक हफ्ते के लिए अपने पास बुलाएं। इस पर पिता ने कहा कि अगर उनका बेटा स्कूल की छुट्टियों में दिल्ली आ सके तो यह भी अच्छा रहेगा। इस पर जस्टिस पारदीवाला ने मुस्कुराते हुए कहा, "कुछ इंतजाम कीजिए। लेकिन पहले दिल्ली का एक्यूआई थोड़ा नीचे आने दीजिए, क्योंकि सिंगापुर की हवा तो बहुत साफ है।"

सुनवाई के दौरान मामले में दूसरे पक्ष की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ लूथरा ने कहा कि एक्यूआई से बचने के लिए हमें भी सिंगापुर चले जाना चाहिए। इस पर जस्टिस पारदीवाला ने जवाब दिया, "अगले जन्म में। अपने अगले जन्म में।"