देश की राजधानी दिल्ली के असोला भट्टी वन्यजीव अभयारण्य में 250 से अधिक प्रजातियों के कछुओं का संरक्षण किया जा रहा है। अरावली की पहाड़ियों की गोद में स्थित यह अभयारण्य शहर के शोरगुल से दूर एक शांत और जीवंत संसार है, जहां तस्करी से बचाए गए कछुओं को नया जीवन मिल रहा है।

अभयारण्य में सबसे खास स्टार टर्टल हैं, जिनके खोल पर सितारों जैसे पीले निशान होते हैं। यहां करीब 78 स्टार टर्टल मौजूद हैं। इनके अलावा इंडियन रूफ टर्टल, इंडियन फ्लैपशेल, टेंट टर्टल, यलो स्पॉटेड और इंडियन आइड टर्टल जैसी प्रजातियां भी यहां रखी गई हैं। कछुओं के खोल की बनावट के आधार पर हार्डशेल और सॉफ्टशेल के लिए अलग तालाब बनाए गए हैं।

स्टार टर्टल अपने आकर्षक खोल और दुर्लभ होने के कारण अवैध वन्यजीव कारोबार में मांग में रहते हैं। यह प्रजाति वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-एक में शामिल है, इसलिए इसे निजी तौर पर रखना गैरकानूनी है। वन्यजीव विशेषज्ञ लखन के अनुसार, कछुओं का तालाब पर्यटकों के लिए चिड़ियाघर की तरह नहीं खोला गया है, बल्कि यह संरक्षण और पुनर्वास के लिए है। लोग इन्हें दूर से देख सकते हैं, लेकिन छूने या बीच में घूमने की अनुमति नहीं है।

अभयारण्य में कछुओं का संरक्षण करीब पांच साल पहले शुरू हुआ था। यह जगह प्रकृति प्रेमियों को सुकून देती है और सर्दियों में यहां प्रवासी पक्षियों को देखने की संभावना भी बढ़ जाती है। अभयारण्य की जैव विविधता में तितलियां, सरीसृप, स्तनधारी जीव और तेंदुए भी शामिल हैं।