नई दिल्ली। द्वारका के बिंदापुर एक्सटेंशन में शुक्रवार शाम पड़ोसियों के बीच चल रहा झगड़ा शांत कराने पहुंचे 28 वर्षीय युवक की तीसरी मंजिल से फेंके गए गैस सिलिंडर की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान साहिल उर्फ जोजो के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी शिवम शर्मा को हिरासत में ले लिया है।
परिवार और मौके से मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम गली में दो पड़ोसियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान साहिल उर्फ जोजो विवाद शांत कराने के इरादे से वहां पहुंचा। आरोप है कि झगड़ा कर रहा शख्स नशे की हालत में था और कुछ देर बाद अपने घर की तीसरी मंजिल पर जाकर उसने गुस्से में गैस सिलिंडर नीचे फेंक दिया, जो साहिल के सिर पर जा लगा। गंभीर रूप से घायल साहिल को परिजन दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के मामा अशोक ने बताया कि घटना के समय साहिल की मां उससे वीडियो कॉल पर बात कर रही थी, तभी अचानक चीख-पुकार मची। परिवार के मुताबिक, साहिल घर का इकलौता कमाने वाला था और साप्ताहिक बाजार में कॉस्मेटिक की दुकान लगाकर परिवार का गुजारा करता था। उसके परिवार में पत्नी, डेढ़ साल का बेटा और बुजुर्ग मां हैं। परिवार को बताया गया है कि शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव सौंपा जाएगा।
डीसीपी द्वारका कुशल पाल सिंह ने बताया कि शुक्रवार शाम 7:15 बजे डाबड़ी थाने की पुलिस को पीसीआर कॉल मिली थी कि बिंदापुर एक्सटेंशन में एक व्यक्ति पर सिलिंडर से हमला हुआ है। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी शिवम शर्मा को हिरासत में लिया है, जो एक फैक्ट्री में टेलरिंग का काम करता है। डीसीपी के मुताबिक, आरोपी शुक्रवार सुबह से ही नशे की हालत में था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
