सहारनपुर-अंबाला कैंट रेलखंड के यमुनानगर जगाधरी स्टेशन पर रेलवे इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग का काम होना है। इस वजह से लखनऊ जंक्शन से रात 11:55 बजे चलने वाली ट्रेन 15011 लखनऊ जंक्शन-चंडीगढ़ एक्सप्रेस तीन दिनों तक सहारनपुर पहुंचकर ही यात्रा समाप्त करेगी। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार के मुताबिक, लखनऊ जंक्शन से 10 से 12 दिसंबर तक प्रस्थान करने वाली यह ट्रेन सहारनपुर में ही रुक जाएगी। वहीं चंडीगढ़ से 11 से 13 दिसंबर तक चलने वाली 15012 चंडीगढ़-लखनऊ जंक्शन एक्सप्रेस सहारनपुर स्टेशन से ही शुरू होगी।

इसके अलावा कई अन्य ट्रेनों के समय में भी बदलाव होगा। जयनगर से 10 दिसंबर को रवाना होने वाली 14673 जयनगर-अमृतसर शहीद एक्सप्रेस तीन घंटे रोककर चलाई जाएगी। जयनगर से 12 दिसंबर को चलने वाली यही ट्रेन चार घंटे देरी से चलेगी। वहीं 11 दिसंबर को जयनगर से चलने वाली 14649 सरयू यमुना एक्सप्रेस 1:20 घंटे की देरी से प्रस्थान करेगी।

इस बीच, पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक के निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट कार्यों के लिए आठ इकाइयों को ग्रुप अवार्ड दिया गया। ऐशबाग स्थित मनोरंजन संस्थान में डीआरएम गौरव अग्रवाल ने सीनियर सेक्शन इंजीनियर (कार्य) बादशाहनगर, ऐशबाग एवं बंदरियाबाग, मनोरंजन संस्थान बादशाहनगर एवं ऐशबाग तथा सीनियर सेक्शन इंजीनियर (विद्युत/पावर) बादशाहनगर, ऐशबाग एवं बंदरियाबाग को पुरस्कार प्रदान किया। इसके साथ ही 45 महिला रेल कर्मचारियों को थर्मल बोतल वितरित की गईं।