गुरुग्राम/नूंह: हरियाणा के नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका इलाके में शुक्रवार रात दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पुलिस के अनुसार इस हादसे में एक महिला और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों और घायलों की पहचान अभी नहीं हो सकी है और मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, दिल्ली से जयपुर जा रही कार शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे की रेलिंग तोड़ते हुए पुलिया से जा टकराई। साइमी गांव के पास पहुंचने पर कथित तौर पर चालक को झपकी आ गई, जिससे वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, दुर्घटना के समय कार में तीन महिलाओं और दो पुरुषों समेत कुल पांच लोग सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में एक महिला और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य महिलाएं और एक पुरुष घायल हो गए।

जांच अधिकारी सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) संजीत ने बताया कि स्थानीय ग्रामीणों ने घायलों को कार से बाहर निकालने में मदद की। उन्होंने बताया कि मरने वालों और घायलों की पहचान तथा उनके निवास स्थान के बारे में फिलहाल जानकारी नहीं मिल पाई है। मामले की जांच जारी है।