नई दिल्ली: राजधानी में इस बार नवंबर अपेक्षाकृत साफ बीता है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि प्रदूषण का सीजन अभी खत्म नहीं हुआ है। सर्दियों की शुरुआत में देरी के कारण प्रदूषण का गंभीर दौर भी देर से शुरू होने और जनवरी तक जाने की आशंका है। मौसम की परिस्थितियों में बदलाव के साथ प्रदूषण के पीक सीजन का समय भी पहले के मुकाबले आगे खिसकने के संकेत मिल रहे हैं।

नवंबर को दिल्ली में प्रदूषण का सबसे मुश्किल महीना माना जाता है, हालांकि पिछले कुछ वर्षों के आंकड़े बताते हैं कि दिसंबर और जनवरी में भी प्रदूषण का स्तर काफी ऊंचा रह सकता है। सफर के फाउंडर डॉ. गुफरान बेग के मुताबिक, इस बार नवंबर में ग्रैप-4 लागू करने की नौबत नहीं आई, लेकिन इससे यह नहीं मानना चाहिए कि प्रदूषण का खतरा टल गया है। दिसंबर का दूसरा पखवाड़ा आमतौर पर दिल्ली के लिए प्रदूषण के लिहाज से सबसे मुश्किल समय रहता है। सीएसई की अनुमिता रायचौधरी के अनुसार, पराली जलाने का सीजन खत्म होने के बाद भी दिल्ली और एनसीआर के स्थानीय स्रोत प्रदूषण बढ़ाते रहेंगे। एनवायरोकेटालिस्ट के फाउंडर सुनील दहिया ने बताया कि मौसम के बदलते मिजाज का असर प्रदूषण के समय और उसकी अवधि पर भी पड़ सकता है; ठंड और हवा की प्रतिकूल परिस्थितियां लंबे समय तक बनी रहें तो प्रदूषण का पीक कुछ दिनों के बजाय कई सप्ताह तक खिंच सकता है।

दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण के स्रोतों की वास्तविक तस्वीर सामने लाने के लिए नया अध्ययन किया जा रहा है, जिसमें पहली बार 2026 को आधार वर्ष मानकर आकलन होगा कि गाड़ियों, उद्योगों, सड़क की धूल, निर्माण गतिविधियों और घरेलू ईंधन समेत अलग-अलग स्रोतों से कितना प्रदूषण फैल रहा है। शुक्रवार को सीएक्यूएम के चेयरमैन राजेश वर्मा ने आईआईटी दिल्ली में इस अध्ययन की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में प्रोजेक्ट रिव्यू कमिटी के सदस्य, विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि और सीएक्यूएम के अधिकारी मौजूद रहे।

पीडब्ल्यूडी अफसरों के अनुसार चांदनी चौक, टाउन हॉल, लाल किला, फतेहपुरी मस्जिद और खारी बावली समेत प्रदूषण के 47 हॉटस्पॉट हैं। इनकी निगरानी और प्रदूषण की रोकथाम के लिए पीडब्ल्यूडी ने 13 सुपरिंटेंडेंट इंजिनियरों को नोडल अफसर बनाया है, लेकिन उन्होंने न हॉटस्पॉट की निगरानी की और न प्रदूषण कम करने की रणनीतियों पर हुई मीटिंग में हिस्सा लिया। टीम बनने के बाद 4 मीटिंग और दो बार साइट इंस्पेक्शन किया गया, लेकिन हर बार पीडब्ल्यूडी के नोडल अफसर अनुपस्थित रहे। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को सफदरजंग में अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। शनिवार को अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री और न्यूनतम 8 से 10 डिग्री रहने का अनुमान है।