सोनपुर प्रखंड के गोपालपुर गांव में शुक्रवार से 14 सप्ताह की किसान खेत पाठशाला शुरू हुई है। भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन केंद्र, पटना की ओर से रबी 2026-27 के लिए आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन वनस्पति संरक्षण अधिकारी विवेक कांत गुप्ता की अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम में सहायक वनस्पति संरक्षण अधिकारी एसए सज्जाद, साक्षी सहित स्थानीय किसान मौजूद रहे।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य किसानों को समेकित नाशीजीव प्रबंधन (आईपीएम) की तकनीकों से जोड़ना है, ताकि कीट नियंत्रण के लिए रासायनिक दवाओं पर निर्भरता कम की जा सके। किसानों को बताया जाएगा कि खेत में पाए जाने वाले सभी कीट नुकसानदायक नहीं होते। कुछ मित्र कीट फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले कीटों को प्राकृतिक रूप से नियंत्रित करने में मदद करते हैं। इनकी पहचान और संरक्षण के तरीके भी सिखाए जाएंगे।
किसानों को गर्मी में गहरी जुताई, बीज एवं मिट्टी उपचार और फसल चक्र अपनाने की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा फेरोमोन ट्रैप, पीला-नीला चिपचिपा ट्रैप, गल मक्खी जाल और लाइट ट्रैप के इस्तेमाल का तरीका भी बताया जाएगा। जैविक एवं वानस्पतिक कीटनाशकों के महत्व और उपयोग पर विशेष जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण में रासायनिक कीटनाशकों के सुरक्षित एवं संतुलित इस्तेमाल के बारे में किसानों को जागरूक किया जाएगा तथा कीटनाशकों के अनावश्यक और अत्यधिक प्रयोग से मानव स्वास्थ्य तथा पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी भी दी जाएगी।
विभिन्न फसलों में लगने वाले कीटों एवं रोगों की पहचान कर समय पर उनका प्रबंधन करने के तरीके भी समझाए जाएंगे। इस पहल से किसानों को कम लागत में फसल सुरक्षा के विकल्प मिलेंगे और खेती को अधिक सुरक्षित, टिकाऊ तथा पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में मदद मिलेगी।
