दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बीच मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) अशोक कुमार का तबादला जम्मू-कश्मीर कर दिया गया है। 2006 बैच के आईएएस अधिकारी अशोक कुमार ने 13 फरवरी 2026 को दिल्ली के सीईओ का कार्यभार संभाला था। करीब 9 महीने के कार्यकाल के बाद ही उनकी जिम्मेदारी बदली गई है। अशोक कुमार के नेतृत्व में ही दिल्ली में एसआईआर की प्रक्रिया शुरू हुई थी।
30 जून से शुरू हुए इस अभियान के तहत 17 अगस्त तक मतदाताओं को एन्युमरेशन फार्म बांटने और जमा कराने का काम किया गया। इसके बाद 31 अगस्त को जारी मसौदा मतदाता सूची में करीब 47.56 लाख नाम हटाए जाने से राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में विवाद खड़ा हो गया था। दिल्ली के करीब 1.45 करोड़ मतदाताओं में से हटाए गए इन नामों को अनुपस्थित, स्थायी रूप से स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट जैसी श्रेणियों में रखा गया था। यह मामला सुप्रीम कोर्ट में भी विचाराधीन है।
फिलहाल सीईओ कार्यालय की ओर से हटाए गए मतदाताओं के सत्यापन और उन्हें दोबारा सूची में शामिल करने की प्रक्रिया चलाई जा रही है। इसके साथ ही दावे और आपत्तियां दर्ज करने का काम भी जारी है। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए 25 नवंबर तक फार्म-6 भरा जा सकता है। अंतिम मतदाता सूची 22 दिसंबर को जारी होनी है।
हालांकि, सीईओ कार्यालय के एक अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि अशोक कुमार का तबादला एसआईआर प्रक्रिया से जुड़ा नहीं है। दिल्ली का सीईओ बनने से पहले वह दिल्ली सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग में सचिव थे। उनके पास श्रम विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी था।
