नई दिल्ली: बेटे की चाहत में अलीगढ़ के एक दंपती ने कथित तौर पर 8 महीने के बच्चे के अपहरण की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक, दंपती ने अपने रिश्तेदार और ट्रक ड्राइवर की मदद से पांडव नगर से बच्चे को अगवा कराया। मंडावली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ट्रक ड्राइवर ऋषिपाल (40), छतरू (50) और उसकी पत्नी कुसमा (45) के रूप में हुई है।

डीसीपी राजीव कुमार के अनुसार, बच्चे की मां ई-रिक्शा चलाती हैं, जो दिल्ली सरकार ने उन्हें दिलवाया था। बच्चे की देखभाल की जिम्मेदारी ज्योति नाम की महिला को दी गई थी, जो दंपती के घर में ही रहती थी। 20 नवंबर को लक्ष्मी ने पुलिस को शिकायत दी कि ज्योति उनके बेटे को लेकर पांडव नगर में सामान लेने गई थी, तभी एक अज्ञात व्यक्ति उससे बातचीत करने लगा और इसी दौरान आरोपी बच्चे को लेकर वहां से गायब हो गया। घटना सुबह करीब 11:30 बजे हुई। पुलिस ने लक्ष्मी की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच में पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक व्यक्ति बच्चे को लेकर भागता दिखा। संदिग्ध के आने-जाने के रास्तों की जांच और ऑटो ड्राइवरों से पूछताछ में पता चला कि संदिग्ध अक्षरधाम की ओर गया था। इसके बाद पुलिस को एक टाटा 407 गाड़ी का सुराग मिला और ऋषिपाल की पहचान हुई। अलीगढ़ के वाजिदपुर गांव में बच्चे का पता लगाकर उसे बरामद किया गया और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, ऋषिपाल मथुरा का रहने वाला है और ट्रक चलाता है, जबकि छतरू खेती करता है। आरोपी दंपती की तीन बेटियां हैं और दोनों ने एक साल पहले ही बच्चा हासिल करने की योजना बनाई थी। जांच में सामने आया कि ऋषिपाल ने बच्चे का इंतजाम करने का वादा किया था, जिसके बदले दंपती ने उसे एक लाख रुपये देने का वादा किया था। बच्चा लाने के बाद दंपती ने दो-तीन दिन में पैसे देने की बात कही थी।