दिल्ली में हर साल करीब 2.74 लाख मीट्रिक टन ई-कचरा निकलता है, जिसके वैज्ञानिक निस्तारण के लिए होलंबी कलां औद्योगिक क्षेत्र में एक संयंत्र स्थापित किया जाएगा। दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (डीएसआइआइडीसी) ने इसके लिए निविदा जारी कर दी है। इस संयंत्र में पुराने मोबाइल, कंप्यूटर, लैपटाप, टीवी, फ्रिज, एसी, बैटरी और अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरणों का संग्रह, छंटाई और पुनर्चक्रण किया जाएगा।

परियोजना की घोषणा अप्रैल 2021 में हुई थी, लेकिन जमीन, परियोजना की रूपरेखा और निविदा प्रक्रिया में देरी के कारण करीब पांच साल बाद भी संयंत्र स्थापित नहीं हो सका। अब इसे पीपीपी आधार पर विकसित करने की तैयारी है और संयंत्र डेढ़ साल में तैयार होने की उम्मीद है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में एक साल में करीब 2,74,087 मीट्रिक टन ई-कचरा निकलने का अनुमान है। इसका बड़ा हिस्सा अनौपचारिक क्षेत्र में कबाड़ियों और छोटी इकाइयों के जरिए तोड़ा और छांटा जाता है। सीलमपुर, मुस्तफाबाद, मंडोली, शास्त्री पार्क और मायापुरी जैसे इलाकों में इस तरह का काम होता रहा है।

ई-कचरे में तांबा, लोहा, एल्युमीनियम और प्लास्टिक जैसे उपयोगी पदार्थ होते हैं, लेकिन सीसा, पारा, कैडमियम और लिथियम जैसे हानिकारक तत्व भी मौजूद रहते हैं। दिल्ली में अधिकृत पुनर्चक्रण संयंत्र न होने के कारण कचरा एनसीआर के दूसरे राज्यों की पंजीकृत इकाइयों तक भेजा जाता है। जीबी पंत अस्पताल के वरिष्ठ न्यूरो सर्जन डा चंद्रशेखर का कहना है कि मेडिकल वेस्ट प्रबंधन की तरह ई-कचरे के लिए भी सख्ती जरूरी है और लोगों को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए।