दिल्ली में युधिष्ठिर सेतु पर मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात करीब डेढ़ बजे एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार और गलत दिशा से आ रहे ऑटो रिक्शा की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ऑटो सड़क पर पलट गया, जबकि अनियंत्रित कार फुटपाथ पर चढ़ गई और वहां सो रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में ऑटो चालक समेत आठ लोग घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार शाम उपचार के दौरान ऑटो चालक शाहिद अली और राजस्थान के सुरेश शर्मा की मौत हो गई। घायल हुए अन्य छह लोगों की हालत स्थिर बताई जा रही है और उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई है।
कश्मीरी गेट थाना पुलिस को हादसे की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची, जहां दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हालत में मिले। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ऑटो गलत दिशा से आ रहा था, जबकि फॉर्च्यूनर तेज रफ्तार में थी। ऑटो में चालक समेत तीन सवारियां बैठी थीं। पुलिस ने पीसीआर की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मौके से कार चालक को पकड़कर गिरफ्तार कर लिया था। इस संबंध में बीएनएस की धारा 281 और 125ए के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
बुधवार को कार चालक को जमानत पर छोड़ दिया गया था। शाम को उपचार के दौरान दो घायलों की मौत के बाद पुलिस ने प्राथमिकी में गैर इरादतन हत्या से संबंधित बीएनएस की धारा 105 जोड़ दी। इसके बाद आरोपी कार चालक फरार हो गया। उसकी पहचान कौशांबी के वेदुरिया नाथ के रूप में हुई है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और हादसे के कारणों तथा दोनों वाहनों की गति समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
