दिल्ली हाई कोर्ट ने गैर सरकारी संगठन सोशियो लीगल इन्फॉर्मेशन सेंटर (एसएलआईसी) का विदेशी अंशदान (विनियमन) अधिनियम (एफसीआरए) लाइसेंस रद करने संबंधी केंद्र सरकार के आदेश को खारिज कर दिया है। न्यायमूर्ति अनूप जयराम भंभानी की पीठ ने यह आदेश एनजीओ की याचिका पर दिया, जिसमें गृह मंत्रालय के अक्टूबर 2022 के आदेश को चुनौती दी गई थी।

पीठ ने कहा कि संगठन के सरकार विरोधी आक्रामक राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होने का आरोप ठोस सुबूतों पर आधारित नहीं है। अदालत ने कहा कि रिकॉर्ड में ऐसा कोई सुबूत नहीं है, जिससे लगे कि एसएलआईसी की गतिविधियों से देश की संप्रभुता, अखंडता, सुरक्षा या जनहित को नुकसान हो सकता है। आदेश को गैर-कानूनी और जरूरत से ज्यादा कठोर बताते हुए पीठ ने कहा कि गृह मंत्रालय ने पंजीकरण रद करने जैसे कठोर कदम की ठोस वजह नहीं बताई।

अदालत ने कहा कि संवैधानिक व्यवस्था के तहत पीड़ितों को अदालतों और वैधानिक आयोगों तक पहुंचने में मदद करना अपने आप में राजनीतिक गतिविधि नहीं है। पीठ ने कहा कि एनजीओ ने विदेशी फंड का इस्तेमाल कानूनी सहायता और सामाजिक कल्याण जैसे घोषित उद्देश्यों के लिए किया।

याचिका में देशभर के कई बैंकों में विदेशी अंशदान और अन्य उपयोग खातों को फ्रीज किए जाने पर भी सवाल उठाया गया था।