नई दिल्ली: दिल्ली के मधु विहार इलाके में एक महिला इन्फ्लुएंसर से शादी करने की जिद करने के आरोप में घर में घुसे एक शख्स की पिटाई के बाद मौत हो गई है। पुलिस के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के गाजीपुर निवासी अभिनव चेन्नई की एक निजी कंपनी में काम करता था। वह 7 नवंबर को इन्फ्लुएंसर के घर पहुंचा, जहां महिला मौजूद थी। आरोप है कि अभिनव जबरन घर में घुस गया और शादी करने की जिद करने लगा। अगले दिन दर्ज एफआईआर में कहा गया है कि वह शराब के नशे में था। इस हरकत से नाराज महिला के परिवार और कुछ पड़ोसियों ने कथित तौर पर उसकी पिटाई कर दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस के मुताबिक, मौके पर पहुंचने पर अभिनव की पीठ और दाहिने पैर पर गंभीर चोटें थीं। उसे अस्पताल ले जाया गया और बाद में राजीव गांधी अस्पताल रेफर किया गया, जहां 15 नवंबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने इन्फ्लुएंसर के पिता और एक पड़ोसी को गिरफ्तार किया है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मारपीट में परिवार और पड़ोस के कितने लोग शामिल थे।

जांच में सामने आया है कि अभिनव नियमित रूप से महिला इन्फ्लुएंसर का सोशल मीडिया कंटेंट देखता था और उसके मन में उसके लिए एकतरफा भावनाएं थीं। पुलिस के मुताबिक, कुछ महीने पहले भी वह एक प्रशंसक के तौर पर महिला के घर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि वह महिला की किसी दूसरे व्यक्ति से होने वाली शादी को लेकर परेशान था, जबकि महिला उसे जानती तक नहीं थी। इन्फ्लुएंसर ने हाल ही में इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर अपनी सगाई और आगामी शादी से जुड़े वीडियो पोस्ट किए थे। उसके इंस्टाग्राम पर छह लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।

पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि मारपीट में शामिल अन्य संदिग्धों की पहचान हो सके। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मामले के दूसरे पहलुओं की भी जांच की जा रही है।