दिल्ली के मधु विहार में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा बिष्ट के घर में जबरन घुसे एक युवक की पिटाई के बाद मौत का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, युवक शादी की जिद कर रहा था, जिसके बाद परिजनों और पड़ोसियों ने उसकी पिटाई की। घटना के सिलसिले में इन्फ्लुएंसर के पिता और एक पड़ोसी को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के गाजीपुर निवासी अभिनव चेन्नई की एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। वह 7 नवंबर को पूर्वी दिल्ली के मधु विहार स्थित नेहा बिष्ट के घर पहुंचा था, जब वह घर पर ही मौजूद थीं। आरोप है कि वह नशे में था और नेहा से शादी करने की जिद करने लगा। पुलिस के मुताबिक, अभिनव नेहा से एकतरफा प्यार करता था और उनकी शादी कहीं और तय होने से नाराज था, जबकि नेहा उसे जानती तक नहीं थीं।

8 नवंबर को दर्ज एफआईआर में आरोप लगाया गया कि अभिनव के घर में जबरन घुसने और शादी की जिद के बाद परिवारवालों और कुछ पड़ोसियों ने उसकी बुरी तरह पिटाई की। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर अभिनव की पीठ और दाएं पैर में गंभीर चोटें मिलीं। उसे राजीव गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 15 नवंबर को उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर नेहा के पिता वीरेंद्र बिष्ट और एक पड़ोसी को गिरफ्तार किया है। मारपीट में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। नेहा बिष्ट के इंस्टाग्राम पर 6 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं और वह इन दिनों अपनी सगाई और आने वाली शादी से जुड़े वीडियो पोस्ट कर रही थीं।