बाहरी दिल्ली के टीकरी कलां की पीवीसी मार्केट में 6 से 12 साल के बच्चे मेडिकल कचरे की छंटाई कर रहे हैं, जिसमें इस्तेमाल की जा चुकी एचआईवी जांच किट और खून से सना कचरा भी शामिल है। बच्चे यह काम नंगे हाथों से करते हैं, जिससे उन्हें संक्रमण का खतरा बना हुआ है। इस मामले में बाल मजदूरी और संक्रमण से जुड़े नियमों की अनदेखी की बात सामने आ रही है।
पीवीसी मार्केट में वर्षों से काम करने वाले लोगों के अनुसार यहां भारी मात्रा में मेडिकल वेस्ट आता है, जिसमें खून से सनी सुइयां, इंजेक्शन और कैनूला आदि होते हैं। खून लगे होने के कारण कोई वयस्क इनकी छंटाई का काम नहीं करता, इसलिए कुछ रुपये की घंटे की दिहाड़ी पर छोटे बच्चों से यह काम करवाया जाता है।
मार्केट में प्लास्टिक कचरे के बीच से इस्तेमाल की गई सीरिंज, कैनूला, इंजेक्शन और एचआईवी किट भी बरामद हुए हैं। एसडीएम मुंडका शिव कुमार मीणा के अनुसार इस मामले में जांच की जा रही है कि यह कचरा किन अस्पतालों से यहां भेजा जा रहा है।
