दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर पैदल सड़क पार करते समय होने वाले हादसों को रोकने के लिए नई डिजाइन की रेलिंग लगाई जाएंगी। यह रेलिंग इस तरह तैयार की जाएगी कि उस पर चढ़ना लगभग असंभव होगा। एनएचएआई और ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों की बैठक में यह तय किया गया है कि शुरुआत में नोएडा सेक्टर-62 के आसपास दो किलोमीटर के दायरे में एक्सप्रेसवे पर नई रेलिंग लगाई जाएगी। आने वाले दिनों में अन्य स्थानों पर भी इसी तरह की रेलिंग लगाने की योजना है।
अधिकारियों के अनुसार, कई बार लोग जल्दबाजी या जानकारी के अभाव में मौजूदा रेलिंग पर चढ़कर एक्सप्रेसवे पार करने की कोशिश करते हैं, जिससे हादसे होते हैं। नई रेलिंग लगने के बाद सड़क पार करने के लिए फुटओवर ब्रिज का इस्तेमाल करना ही संभव होगा। एडीसीपी ट्रैफिक वरुण कुमार सिंह के मुताबिक, पहले चरण में दो किलोमीटर में रेलिंग लगाई जाएगी, इसके बाद अन्य हिस्सों में भी यह व्यवस्था लागू की जाएगी।
सोमवार को बागू के पास हुए हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर पैदल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठे थे। एहतियात के तौर पर हादसे वाली जगह पर बैरिकेडिंग कर दी गई है, ताकि फिलहाल कोई पैदल सड़क पार करने का जोखिम न उठा सके। इस स्थान पर एनएचएआई फुटओवर ब्रिज का निर्माण भी करा रहा है।
एक्सप्रेसवे पर हादसे रोकने के लिए शहरी क्षेत्र में अधिकांश स्थानों पर पहले से रेलिंग लगी हुई है। इसके बावजूद नोएडा सेक्टर-62, छिजारसी, विजयनगर बाइपास और एबीएस कॉलेज के पास लोग जान जोखिम में डालकर सड़क पार करते हैं। अधिकारियों को उम्मीद है कि नई डिजाइन की रेलिंग लगने से ऐसे हादसों पर रोक लगेगी।
