देश में शादी का सीजन चल रहा है। कन्फेडरेशन ऑल इंडिया ट्रेडर्स (सीएआईटी) के अनुसार, 21 नवंबर से 15 दिसंबर तक के 25 दिनों में देशभर में करीब 52 लाख शादियां होने की उम्मीद है। इस दौरान लगभग 7.5 लाख करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। सीएआईटी के मुताबिक, इस अवधि में दिल्ली-एनसीआर देश का सबसे बड़ा बाजार बनेगा, जहां करीब 5 लाख शादियां होंगी और लगभग 2.5 लाख करोड़ रुपये का कारोबार होने की संभावना है।
सीएआईटी की शोध विंग ने 25 राज्यों के 300 से ज्यादा व्यापारिक नेताओं और 550 व्यापार संघों से बातचीत के बाद यह अनुमान जारी किया है। संगठन के अनुसार, इस शादी सीजन में करीब 1.25 करोड़ अस्थायी, मौसमी और पार्ट-टाइम रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। कैटरिंग, सजावट, होटल, परिवहन, फोटोग्राफी, इवेंट मैनेजमेंट और ब्यूटी सेवाओं में सबसे ज्यादा मांग रहने का अनुमान है।
दिल्ली-एनसीआर के चांदनी चौक, सदर बाजार, करोल बाग, लाजपत नगर, गांधी नगर और खारी बावली जैसे बाजारों में कारोबार तेज रहने की संभावना जताई गई है। सीएआईटी के अनुसार, साधारण शादियों का बजट 4-5 लाख रुपये से शुरू होकर प्रीमियम शादियों में 4-5 करोड़ रुपये या उससे भी ज्यादा तक पहुंच सकता है, जो पिछले वर्षों की तुलना में काफी अधिक है।
संगठन के आंकड़ों के मुताबिक, शादी से जुड़ा कारोबार 2022 में 3.75 लाख करोड़ रुपये था, जो 2025 में बढ़कर 6.5 लाख करोड़ रुपये हो गया है।
