दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी नारकोटिक्स सेल सभी 15 जिलों की पुलिस के साथ मिलकर अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की धरपकड़ के लिए फिर से अभियान चलाएगी। एफआरआरओ से डेटा लेकर घर-घर सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा। पुलिस का मानना है कि दिल्ली ड्रग्स तस्करों का प्रमुख ट्रांजिट प्वाइंट है और अवैध रूप से रहने वाले विदेशी नागरिक इस धंधे के लिए चुनौती हैं।
बीते अक्टूबर में क्राइम ब्रांच की एंटी नारकोटिक्स सेल ने विदेशी नागरिकों के खिलाफ अभियान चलाया था। एक माह तक चले अभियान में 11 देशों के 194 विदेशी नागरिकों को हिरासत में लेकर डिटेंशन सेंटर में रखा गया और संबंधित देशों के दूतावासों को जानकारी दी गई थी। पुलिस का दावा था कि ये सभी चोरी-छिपे कहीं न कहीं ड्रग्स का धंधा कर रहे थे, लेकिन पकड़े जाने के दौरान इनके घरों व कब्जे से ड्रग्स बरामद नहीं हुआ, जिससे केवल अवैध डिटेंशन को लेकर कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, बीते अगस्त में 117 अफ्रीकी नागरिक अवैध रूप से रहते हुए पकड़े गए थे। इनमें सबसे अधिक 39 अफ्रीकी नागरिक दक्षिण जिला और 36 अफ्रीकी नागरिक दक्षिण-पश्चिम जिले में रहते पाए गए थे। इन दोनों जिलों में पुलिस ने मकान मालिकों के खिलाफ पुलिस सत्यापन न कराने के आरोप में केस दर्ज किया था।
दिल्ली भौगोलिक स्थिति, बड़े परिवहन नेटवर्क और घनी आबादी के कारण ड्रग्स तस्करों के लिए प्रमुख ट्रांजिट प्वाइंट बनी हुई है। तस्कर यहां से नशीले पदार्थों को देश के अन्य हिस्सों और विदेश में भेजने के लिए सुरक्षित रास्ता तलाशते हैं। दिल्ली को 2027 तक ड्रग्स मुक्त राज्य बनाने के दावे किए जाते रहे हैं, लेकिन आए दिन बड़ी संख्या में तस्करों के पकड़े जाने और ड्रग्स की बरामदगी से यह लक्ष्य हासिल होना मुश्किल लग रहा है।
