वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) की प्रदूषण नियंत्रण संबंधी रिपोर्ट कार्ड में दिल्ली की तैयारियों में कई गंभीर खामियां सामने आई हैं। जनवरी से 31 अक्टूबर 2026 तक की उपलब्धियों पर तैयार इस रिपोर्ट में कचरा प्रसंस्करण, लैंडफिल निस्तारण, सड़क की धूल और पार्किंग जैसे अहम मोर्चों पर राजधानी निर्धारित लक्ष्य से काफी पीछे पाई गई है।

सबसे चिंताजनक स्थिति ठोस कचरा प्रबंधन की है। कचरा प्रसंस्करण क्षमता प्रतिदिन 650 टन बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन 31 अक्टूबर तक एक टन की भी बढ़ोतरी नहीं हुई। तीनों लैंडफिल साइटों पर कुल 114.99 लाख टन कचरे के निस्तारण का लक्ष्य था, जबकि 62.28 लाख टन ही हटाया जा सका। ओखला में 67 प्रतिशत, भलस्वा में 57 प्रतिशत और गाजीपुर में केवल 42 प्रतिशत कचरे का निस्तारण हो पाया। इस तरह अभी 52.71 लाख टन कचरे का निस्तारण बाकी है।

वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए 266 पार्किंग स्थल विकसित करने का लक्ष्य था, लेकिन 31 अक्टूबर तक केवल 15 ही तैयार हो पाए। सार्वजनिक परिवहन के लिए 2,395 सिटी बसें बढ़ाने के मुकाबले 1,703 बसें ही बढ़ाई जा सकीं। सड़कों की धूल रोकने के लिए बड़ी मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों की संख्या 35 करने का लक्ष्य था, लेकिन 19 ही उपलब्ध हो पाईं, जबकि मध्यम आकार की 57 मशीनों के लक्ष्य के मुकाबले केवल एक मशीन उपलब्ध हुई।

रिपोर्ट में कुछ उपलब्धियां भी दर्ज हैं। औद्योगिक इकाइयों के 979 निरीक्षण के लक्ष्य के मुकाबले 1,609 निरीक्षण किए गए और डीजल जनरेटर सेट के 539 निरीक्षणों के मुकाबले 1,296 निरीक्षण हुए। इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए पांच हजार चार्जिंग स्टेशन के लक्ष्य के मुकाबले छह हजार स्टेशन दर्ज किए गए। हालांकि हरित शवदाह गृहों के कुल 421 लक्ष्य के मुकाबले एक भी तैयार नहीं हुआ। सीएक्यूएम ने कहा है कि राज्यों और दिल्ली सरकार के पास शेष वर्ष में प्रयास तेज कर स्थिति सुधारने का अवसर है और अंतिम रिपोर्ट कार्ड जनवरी 2027 में जारी किया जाएगा। मेयर प्रवेश वाही का कहना है कि एमसीडी लगातार प्रदूषण के कारकों की पहचान कर सुधार का काम कर रही है और सफाई के लिए नई 1000 मशीनें लगाई गई हैं।