संसद का स्पेशल सत्र 30 नवंबर से फिर शुरू होने जा रहा है। इससे पहले सरकार परिसीमन विधेयक पर 50% सीटें बढ़ाने के फॉर्मूले पर विचार कर रही है। इसके तहत लोकसभा में हर राज्य की मौजूदा सीटों में समान रूप से 50% की बढ़ोतरी की जाएगी और राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात बरकरार रखा जाएगा। सरकार को उम्मीद है कि इससे दक्षिणी राज्यों की यह चिंता दूर हो सकती है कि जनसंख्या के आधार पर परिसीमन होने से उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे अधिक आबादी वाले राज्यों की सीटें बढ़ जाएंगी और दक्षिणी राज्यों का संसद में प्रतिनिधित्व घट जाएगा।

परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को लोकसभा में पास कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत की जरूरत है। 540 सदस्यों वाली लोकसभा में सभी सांसदों के मतदान करने पर 360 वोट जरूरी होंगे। अभी NDA के पास करीब 320 सांसद बताए जा रहे हैं, यानी सरकार को 40 सांसदों के समर्थन की और जरूरत है। सरकार को DMK, NCP (शरदचंद्र पवार) और YSR कांग्रेस पार्टी से समर्थन मिलने की उम्मीद है। इन तीनों दलों के पास लोकसभा में कुल 34 सांसद हैं। राज्यसभा में विधेयक के लिए NDA को 161 सांसदों के समर्थन की जरूरत है, जबकि सरकार के पास फिलहाल 151 सांसदों का समर्थन बताया जा रहा है।

अप्रैल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी सभी राज्यों की सीटें 50% बढ़ाने का प्रस्ताव रखा था, लेकिन यह आश्वासन विधेयक में शामिल नहीं था। उस समय संविधान संशोधन विधेयक को लोकसभा में 298 वोट मिले थे, जबकि दो-तिहाई बहुमत के लिए 352 वोटों की जरूरत थी। अब सरकार विधेयक में इस फॉर्मूले को लिखित रूप देने पर विचार कर रही है। सरकार परिसीमन विधेयक 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले सीटों का विस्तार कर महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता साफ करने के लिए ला रही है।

कांग्रेस समेत विपक्षी दल महिला आरक्षण का समर्थन करते हैं, लेकिन परिसीमन की प्रक्रिया और सरकार की मंशा पर सवाल उठा रहे हैं। राहुल गांधी ने अप्रैल में कहा था कि यह संविधान संशोधन परिसीमन और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव के जरिए सत्ता पर कब्जा करने की कोशिश है। सरकार ने इन आरोपों को खारिज किया है। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने भी कहा था कि उनकी पार्टी महिला आरक्षण का पूरा समर्थन करती है, लेकिन सरकार की वास्तविक मंशा पर सवाल हैं।