सर्दी के मौसम में घने कोहरे के कारण रेल परिचालन प्रभावित हो रहा है। सुरक्षित और सुचारू रेल परिचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पूर्व मध्य रेलवे ने मालदा, भागलपुर, गया और कामाख्या से चलने वाली छह प्रमुख ट्रेनों को अलग-अलग अवधि के लिए रद्द करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में रेलवे की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है।

अधिसूचना के अनुसार मालदा टाउन-नई दिल्ली एक्सप्रेस और कामाख्या-गया एक्सप्रेस का परिचालन लंबी अवधि तक पूरी तरह बंद रहेगा। वहीं आनंद विहार-भागलपुर और भागलपुर-आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस सप्ताह में एक दिन रद्द रहेंगी। रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार बिहार से दिल्ली और पूर्वोत्तर के बीच चलने वाली चार ट्रेनों को दिसंबर 2026 से फरवरी-मार्च 2027 तक रद्द रखा जाएगा।

ट्रेन संख्या 22406 आनंद विहार-भागलपुर गरीब रथ प्रत्येक बुधवार और ट्रेन संख्या 22405 भागलपुर-आनंद विहार गरीब रथ प्रत्येक गुरुवार को नहीं चलेगी। इन ट्रेनों के बंद रहने से बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों के बीच रेल संपर्क तथा दिल्ली जाने वाले यात्रियों की आवाजाही पर सीधा असर पड़ेगा।

रेलवे के इस निर्णय से मुंगेर, जमालपुर, लखीसराय और भागलपुर क्षेत्र के यात्रियों की पूर्व निर्धारित यात्रा योजनाएं प्रभावित होंगी। खासकर राजधानी दिल्ली की ओर नियमित सफर करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक ट्रेनों का सहारा लेना पड़ेगा, जिससे अन्य ट्रेनों में भीड़ और टिकटों की मारामारी बढ़ने की आशंका है।