देवरिया जिले के नारायणपुर में 54.58 करोड़ रुपये की लागत से 132/33 केवी (2×40 एमवीए) विद्युत उपकेंद्र का निर्माण होगा। उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन लिमिटेड की ओर से बनने वाले इस उपकेंद्र का शिलान्यास एवं भूमिपूजन 22 नवंबर को होगा। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही भूमि पूजन करेंगे। कार्यक्रम में सांसद शशांक मणि त्रिपाठी मौजूद रहेंगे, जबकि प्रदेश के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा वर्चुअल माध्यम से जुड़कर क्षेत्रवासियों को संबोधित करेंगे।

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि अभी तक इस क्षेत्र में काफी दूर से बिजली की आपूर्ति होती थी। नारायणपुर में उपकेंद्र स्थापित होने से विद्युत आपूर्ति का स्रोत नजदीक हो जाएगा। इससे क्षेत्र को पर्याप्त बिजली मिल सकेगी और मरम्मत संबंधी कार्य भी आसानी से किए जा सकेंगे।

उन्होंने कहा कि उपकेंद्र बनने से ट्रांसमिशन लास में कमी आएगी। उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज और बार-बार बिजली ट्रिप होने की समस्या से राहत मिलेगी। आंधी-तूफान या तकनीकी खराबी के दौरान फाल्ट को कम समय में ठीक कर आपूर्ति बहाल करना भी आसान होगा।

परियोजना को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा और ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा के मार्गदर्शन में धरातल पर उतारा जा रहा है। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष रणवीर प्रसाद, प्रबंध निदेशक मयूर माहेश्वरी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।