चार महीने से मांगलिक कार्यों पर लगा विराम देवोत्थान एकादशी के साथ समाप्त होने जा रहा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को देवोत्थान या देवउठनी एकादशी कहा जाता है। इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं और चातुर्मास समाप्त होता है, जिसके बाद विवाह और गृह प्रवेश सहित अन्य मांगलिक कार्यों का मार्ग प्रशस्त होता है। इस अवसर पर घरों और मंदिरों में तुलसी-शालिग्राम विवाह भी आयोजित किया जाता है।

ज्योतिषाचार्य कामेश्वर नाथ चतुर्वेदी और साहित्य आचार्य शरद चतुर्वेदी के अनुसार, एकादशी तिथि 20 नवंबर को सुबह 7.15 बजे शुरू होकर 21 नवंबर को सुबह 6.31 बजे तक रहेगी। अधिकांश स्थानों पर 21 नवंबर को तुलसी विवाह का आयोजन होगा। उनके मुताबिक नवंबर में विवाह के लिए 21, 24, 25 और 26 नवंबर को शुभ मुहूर्त हैं, जबकि दिसंबर में 2, 3, 4, 5, 6, 11 और 12 तारीख को विवाह आयोजित किए जा सकेंगे। इस तरह दोनों महीनों में कुल 11 शुभ विवाह मुहूर्त उपलब्ध हैं।

ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक 12 दिसंबर इस वर्ष का अंतिम विवाह मुहूर्त रहेगा। इसके बाद सूर्य के धनु राशि में प्रवेश के साथ खरमास शुरू हो जाएगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार खरमास में विवाह, गृह प्रवेश जैसे मांगलिक आयोजन नहीं किए जाते और यह अवधि मकर संक्रांति तक रहती है। ऐसे में विवाह की तैयारी कर रहे परिवारों के लिए नवंबर और दिसंबर के शुरुआती दिन खास रहेंगे। सहालग के इन मुहूर्तों से बाजारों में रौनक लौटने की उम्मीद है।