नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने लगातार उड़ानें रद्द होने, देरी और ऑपरेशनल गड़बड़ियों के मामले में स्पाइसजेट को शो-कॉज नोटिस जारी किया है। 17 नवंबर को जारी इस नोटिस में एयरलाइन से 7 दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है। DGCA के अनुसार, कंपनी की समय पर उड़ान संचालन की स्थिति लगातार खराब हो रही है, जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। एयरलाइन तय शेड्यूल का पालन करने और यात्रियों को जरूरी सुविधाएं देने में भी नाकाम रही है। बताया गया है कि इस साल अगस्त और सितंबर में स्पाइसजेट की हर पांच में से एक उड़ान रद्द हुई।

DGCA ने नोटिस में आठ मामलों पर स्पाइसजेट से जवाब मांगा है। इनमें छोटे और दूरदराज के शहरों के लिए जरूरी उड़ानें नहीं चलाना, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के नियमों का उल्लंघन, फ्लाइट में देरी और रद्द होने के मामलों में बढ़ोतरी, मंजूरी से कम उड़ानों का संचालन और यात्रियों को पर्याप्त मदद न मिलना शामिल है। इसके अलावा 11 मई 2026 को लगाए गए जुर्माने का भुगतान न करना, जरूरी बीमा पॉलिसी का समय पर नवीनीकरण न कराना और विदेशी विमानन एजेंसियों की ओर से उठाई गई चिंताएं भी नोटिस में शामिल बताई गई हैं। शिकायतें सर्विस देने वाली कंपनियों को समय पर भुगतान नहीं करने से जुड़ी हैं।

पिछले नौ महीनों में कंपनी का बाजार हिस्सा 3.9% से घटकर 0.6% हो गया है। फरवरी में यह 3.9% था, जो अगस्त में 1.2% और सितंबर में 0.6% रह गया। नोटिस जारी होने के अगले दिन 18 नवंबर को कंपनी के बोर्ड ने अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए 5,500 करोड़ रुपए तक जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। BSE पर कंपनी का शेयर करीब 5% गिरकर 9.74 रुपए पर आ गया। BSE ने भी DGCA के नोटिस को लेकर स्पाइसजेट से स्पष्टीकरण मांगा है।

दिल्ली एयरपोर्ट का संचालन करने वाली कंपनी DIAL ने लगातार दूसरे दिन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि स्पाइसजेट की ऑपरेशनल समस्याओं के कारण उसकी कुछ उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। यात्रियों को अपनी फ्लाइट का अपडेट चेक करने की सलाह दी गई है।