धनबाद के वासेपुर में गुरुवार को जिला प्रशासन ने जमीन के फर्जी दस्तावेजों के जरिए 50 लाख रुपये की कथित ठगी के मामले में कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की। भूली ओपी क्षेत्र के शमशेर नगर स्थित बाबू खान के आवास पर पुलिस और प्रशासन की टीम ने मकान की बाउंड्री बुलडोजर से ध्वस्त कर दी। कार्रवाई कार्यपालक दंडाधिकारी नारायण राम की मौजूदगी में की गई।
सदर थाना में दर्ज कांड संख्या 140/2023 के अनुसार, आरोप है कि बाबू खान ने जमीन के फर्जी दस्तावेज दिखाकर तेतुलमारी निवासी फिरोज खान से 50 लाख रुपये की ठगी की। इस मामले में बाबू खान और उनकी पत्नी जरीना खातून के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
कार्यपालक दंडाधिकारी नारायण राम ने बताया कि इस मामले में सीजीएम कोर्ट से कुर्की-जब्ती का आदेश प्राप्त हुआ था, जिसके आलोक में यह कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि फर्जी दस्तावेज तैयार कर 50 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप है और इसी के तहत आवास पर कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया अपनाई गई।
इस कार्रवाई के बाद शमशेर नगर इलाके में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। न्यायालय के आदेश पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई के बाद अब आगे की कानूनी प्रक्रिया पर सबकी नजरें टिकी हैं।
