पंजाब पुलिस के निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर के खिलाफ दर्ज मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जांच तेज कर दी है। फाजिल्का के एसएसपी और पूर्व हॉकी ओलंपियन गगन अजीत सिंह से वीरवार को पूछताछ के बाद शुक्रवार को रोपड़ रेंज के डीआईजी स्वपन शर्मा को तलब किया गया। स्वपन शर्मा चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित ईडी कार्यालय पहुंचे, जहां मामले से जुड़े पहलुओं पर उनसे पूछताछ की जा रही है। ईडी भुल्लर से जुड़े इस मामले में कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है।
गिरफ्तार बिचौलिये कृष्णु शारदा के मोबाइल फोन से मिली चैट और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच में कई आईएएस-आईपीएस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बातचीत के सबूत मिलने का दावा किया गया था। अदालत में बताया गया है कि भुल्लर का बिचौलिया कृष्णु शारदा कथित तौर पर अधिकारियों के तबादले, पोस्टिंग, जमीन मुआवजे, एफआईआर और अन्य सरकारी कामों में पैसों के बदले मध्यस्थता करता था। ईडी इस नेटवर्क और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है।
इसी सिलसिले में डीआईजी स्वपन शर्मा को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया। वहीं, फाजिल्का के एसएसपी गगन अजीत सिंह से भुल्लर से जुड़े रिश्वतखोरी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ की गई थी। मीडिया से बातचीत में गगन अजीत सिंह ने बताया कि ईडी ने उनसे केवल सामान्य सवाल पूछे, जिनका संतोषजनक जवाब दिया गया।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अधिकारियों ने मुख्य रूप से कथित बिचौलिये कृष्ण शारदा से उनकी पहचान को लेकर सवाल किए थे और वे जांच में आगे भी पूरा सहयोग करने के लिए तैयार हैं।
