मुंबई के कोलाबा इलाके में स्थित मध्य प्रदेश सरकार की ऐतिहासिक संपत्ति एडवर्ड विला के मुद्रीकरण की पहली कोशिश सफल नहीं हो सकी। ट्रांजेक्शन एडवाइजर नियुक्त करने के लिए जारी रुचि की अभिव्यक्ति (EOI) में आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 30 अक्टूबर तय की गई थी। इस अवधि में कुछ संभावित निवेशकों और पक्षों ने संपत्ति के बारे में जानकारी जरूर ली, लेकिन किसी ने औपचारिक आवेदन नहीं किया। अब विभागीय स्तर पर पूरी प्रक्रिया दोबारा शुरू करने की तैयारी है, जिसमें नए सिरे से ट्रांजेक्शन एडवाइजर नियुक्त किया जाएगा। इसके बाद संपत्ति की बाजार संभावनाओं, लीज की शर्तों और हस्तांतरण की प्रक्रिया को ध्यान में रखकर आगे की रणनीति बनाई जाएगी।

एडवर्ड विला मुंबई के कोलाबा क्षेत्र में कैप्टन प्रकाश पेठे मार्ग पर स्थित है, जो नरीमन प्वाइंट जैसे प्रमुख कारोबारी केंद्र के नजदीक है। नेवी कैंटोनमेंट के आसपास होने के कारण भी इस संपत्ति की लोकेशन महत्वपूर्ण मानी जाती है। सरकार फिलहाल इस इमारत का इस्तेमाल वीवीआईपी मेहमानों के ठहरने के लिए गेस्ट हाउस के रूप में कर रही है। सरकार की योजना इस संपत्ति के शेष लीज अधिकारों के हस्तांतरण या बिक्री के माध्यम से आर्थिक लाभ हासिल करने की है।

सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार, एडवर्ड विला का निर्माण वर्ष 1909 में हुआ था। तीन मंजिला इस इमारत में ग्राउंड फ्लोर के अलावा पहली और दूसरी मंजिल है। कुल प्लॉट क्षेत्रफल 1,168.90 वर्गमीटर यानी करीब 12,581 वर्गफीट है, जबकि इमारत का कुल निर्मित क्षेत्र 1,246.07 वर्गमीटर है। यह संपत्ति बृहन्मुंबई महानगरपालिका (MCGM) से 30 साल की लीज पर मिली है, जिसकी अवधि 13 नवंबर 2012 से 13 नवंबर 2035 तक है। यानी सरकार के पास इस संपत्ति की लीज के शेष अधिकार ही मुद्रीकरण का आधार हैं।

इस पूरी प्रक्रिया की जिम्मेदारी मध्य प्रदेश सरकार के उपक्रम प्रोविडेंट इन्वेस्टमेंट कंपनी लिमिटेड (PICL) के पास है। यह संस्था वित्त विभाग के प्रशासनिक नियंत्रण में काम करती है और मुंबई में राज्य की संपत्तियों की देखरेख करती है। PICL ने ही ट्रांजेक्शन एडवाइजर के चयन के लिए EOI जारी की थी। पहले प्रयास में आवेदन न मिलने के बाद अब सरकार को नए सिरे से बाजार में संभावित खरीदारों और निवेशकों की तलाश करनी होगी। 117 साल पुरानी इस संपत्ति से राजस्व जुटाने की योजना कब और किस रूप में आगे बढ़ेगी, यह नई प्रक्रिया शुरू होने के बाद ही स्पष्ट होगा।