श्रद्धा कपूर की आगामी फिल्म 'ईठा' का पहला गाना 'जी जी रे' रिलीज हो गया है। यह गाना यूट्यूब पर जारी किया गया है, जिसे श्रेया घोषाल ने गाया है। गाने के बोल अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं और संगीत अजय-अतुल ने दिया है। गाना रिलीज होने से एक दिन पहले मेकर्स ने इसका टीजर साझा किया था।

फिल्म में श्रद्धा कपूर लावणी डांसर का किरदार निभा रही हैं। गाने में वह विठाबाई के रूप में नजर आईं। मेकर्स के मुताबिक, गाने में श्रद्धा अपनी डिलीवरी के तुरंत बाद दर्द के बावजूद स्टेज पर डांस परफॉर्म करती हुई दिखाई गई हैं। श्रेया घोषाल की आवाज और श्रद्धा के डांस की सोशल मीडिया पर तारीफ हो रही है। एक यूजर ने कहा कि गाने ने रोंगटे खड़े कर दिए, जबकि एक अन्य ने कहा कि श्रद्धा को नेशनल अवॉर्ड मिलेगा।

लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी 'ईठा' 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म महाराष्ट्र की तमाशा आर्टिस्ट, लावणी डांसर और लोकगायिका विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर की कहानी पर आधारित है। बताया जा रहा है कि बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म की टक्कर सलमान खान की 'मातृभूमि' से होगी, जो भी 4 दिसंबर को रिलीज हो रही है।