हॉलीवुड एक्टर रॉबर्ट पैटिनसन अब दुनिया के सबसे मशहूर जासूस जेम्स बॉन्ड का किरदार निभाएंगे। जेम्स बॉन्ड फ्रेंचाइजी के ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट पर सोमवार, 16 नवंबर को एक वीडियो शेयर कर इसकी घोषणा की गई। वीडियो में रॉबर्ट काले रंग का टक्सीडो पहने हाथ में पिस्तौल लिए नजर आ रहे हैं, जबकि बैकग्राउंड में '007' की मशहूर थीम म्यूजिक बज रहा है। कैप्शन में 'आईडेंटिटि कन्फर्म' लिखा गया और क्लिप के अंत में संदेश आया कि जेम्स बॉन्ड की वापसी होगी। इसके साथ ही रॉबर्ट पैटिनसन डैनियल क्रेग की जगह लेने वाले नए जेम्स बॉन्ड बन गए हैं। 'नो टाइम टू डाई' (2021) के बाद करीब पांच साल के इंतजार के बाद फ्रेंचाइजी को नया चेहरा मिला है।
रॉबर्ट पैटिनसन ने किरदार मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि जेम्स बॉन्ड सिनेमा के सबसे शानदार और यादगार किरदारों में से एक है। 007 की जिम्मेदारी मिलना उनके लिए जीवन भर का सबसे बड़ा सम्मान है। उन्होंने टीम पर भरोसा जताने के लिए आभार जताया और कहा कि यह रोल उनके लिए सपने के सच होने जैसा है। आने वाली बॉन्ड फिल्म का निर्देशन डेविड विलेन्यूवे करेंगे, जिन्होंने रॉबर्ट को नए बॉन्ड के रूप में चुनने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि रॉबर्ट में 007 वाली सदाबहार खूबी है और वे एक बिल्कुल नया जोश लेकर आए हैं।
जेम्स बॉन्ड का किरदार निभाने वालों की सूची में रॉबर्ट पैटिनसन सातवें नाम हैं। उनसे पहले शॉन कॉनरी, जॉर्ज लेजेनबी, रोजर मूर, टिमोथी डाल्टन, पियर्स ब्रॉसनन और डैनियल क्रेग इस किरदार में नजर आ चुके हैं। डैनियल क्रेग ने 2006 में 'कैसिनो रॉयल' से एजेंट 007 के रूप में शुरुआत की थी और 'नो टाइम टू डाई' उनकी आखिरी बॉन्ड फिल्म थी। 'द हॉलीवुड रिपोर्टर' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, रॉबर्ट पैटिनसन ने 24 अक्टूबर के वीकेंड पर लंदन में इस रोल के लिए स्क्रीन टेस्ट दिया था, जब वह वहीं 'द बैटमैन पार्ट II' की शूटिंग कर रहे थे।
फ्रेंचाइजी की 26वीं फिल्म का टाइटल अभी तय नहीं हुआ है और फिलहाल इसे 'Bond 26' कहा जा रहा है। फिल्म के प्री-प्रोडक्शन का काम चल रहा है। निर्देशन डेविड विलेन्यूवे कर रहे हैं, जो 'ड्यून', 'ब्लेड रनर 2049' और 'अराइवल' जैसी फिल्में बना चुके हैं। कहानी और स्क्रीनप्ले की जिम्मेदारी स्टीवन नाइट को दी गई है, जिन्हें नेटफ्लिक्स की सीरीज 'पीकी ब्लाइंडर्स' के लिए जाना जाता है। फरवरी 2025 में अमेजन ने ब्रोकली परिवार से जेम्स बॉन्ड फ्रेंचाइज के क्रिएटिव अधिकार हासिल किए थे।
