बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने अपनी आने वाली फिल्म 'मातृभूमि: मे वार रेस्ट इन पीस' की टीम को पनवेल स्थित अपने फार्महाउस पर एक गेट-टुगेदर में महंगी घड़ियां भेंट कीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन घड़ियों की कीमत 2 लाख से लेकर 6 लाख रुपये तक बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि टीम को पहले फिल्म के प्रमोशन से जुड़ी बातचीत और काम के सिलसिले में मीटिंग के लिए बुलाया गया था, लेकिन सलमान ने लग्जरी गिफ्ट देकर सभी को सरप्राइज दिया। खबरों के अनुसार, उन्होंने फिल्म से जुड़े करीब 20 से 25 लोगों को घड़ियां भेंट कीं। ये घड़ियां कपूर वॉच कंपनी से खरीदी गईं। पुरुष सदस्यों को Longines और TAG Heuer ब्रांड की घड़ियां दी गईं, जबकि महिला सदस्यों को Rado की घड़ियां गिफ्ट की गईं। सलमान ने खुद सभी को ये तोहफे दिए। यह आयोजन फिल्म का ट्रेलर रिलीज होने के दो दिन बाद हुआ।
इस मौके पर निर्देशक अपूर्व लाखिया के अलावा चित्रांगदा सिंह, अंकुर भाटिया, विपिन भारद्वाज और तान्या देसाई भी मौजूद थीं। फिल्म के डायलॉग राइटर चिंतन शाह ने भी पार्टी में हिस्सा लिया। टीम के कुछ सदस्यों ने सोशल मीडिया पर इस शाम की तस्वीरें और झलकियां भी साझा कीं।
'मातृभूमि: मे वार रेस्ट इन पीस' एक वॉर ड्रामा फिल्म है, जिसमें सलमान खान और चित्रांगदा सिंह लीड रोल में नजर आएंगे। यह फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इससे पहले सलमान ने एक इवेंट में कहा था कि 75 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए टिकट के दाम कम किए गए हैं और वे केवल 11 रुपये में फिल्म देख पाएंगे।
