आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की टीम ने शुक्रवार की सुबह औरंगाबाद जिले के दाउदनगर प्रखंड के शमशेरनगर गांव में ठेकेदार सुधीर कुमार पांडेय के पैतृक आवास पर छापेमारी की। सुबह करीब नौ बजे सुरक्षा बलों के साथ पहुंची टीम ने आवास को घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया। अचानक हुई इस कार्रवाई से गांव में हलचल मच गई और घर के आसपास लोगों की भीड़ जुटने लगी। टीम सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अपनी कार्रवाई में जुटी रही।
बताया गया कि सुधीर कुमार पांडेय बालू कारोबार से जुड़े हैं और मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में ठेकेदारी का काम करते हैं। उनके पैतृक आवास पर ईओयू की कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। छापेमारी के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और तलाशी प्रक्रिया की निगरानी के लिए प्रशासन ने दो मजिस्ट्रेटों की प्रतिनियुक्ति की है। दाउदनगर के अंचलाधिकारी सतीश कुमार सिंह और प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी रिशु राज मौके पर मौजूद हैं।
दोनों अधिकारियों की निगरानी में ईओयू के अधिकारी आवास के भीतर जांच कर रहे हैं। कार्रवाई के दौरान दस्तावेजों और वित्तीय साक्ष्यों की पड़ताल की जानकारी है। टीम आवास में उपलब्ध कागजात समेत अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच में जुटी है। बताया गया कि बैंक का पासबुक मिला है, जिसकी जांच हो रही है। कुछ जेवरात भी मिले हैं, जिनकी पड़ताल की जा रही है।
ईओयू के अनुसार छापेमारी अभी चल रही है और कार्रवाई पूरी होने के बाद ही पूरी जानकारी दी जाएगी।
