फरीदाबाद के मोहना गांव में हरियाणा रोडवेज के नवनिर्मित बस अड्डे से बसों का संचालन शुरू हो गया है। इससे मोहना और आसपास के करीब 25 गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। अब इन गांवों के यात्रियों को सर्दी, धूप और बारिश में खुले में खड़े होकर बस का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। बस अड्डे का औपचारिक उद्घाटन अभी बाकी है।
मोहना में बस अड्डा बनाने की योजना को विधायक मूलचंद शर्मा ने परिवहन मंत्री रहते हुए मंजूरी दी थी। इसके निर्माण पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। बस अड्डा तैयार हो चुका है और रोडवेज विभाग ने इसे लोक निर्माण विभाग से अपने नियंत्रण में ले लिया है। ऑनलाइन उद्घाटन के लिए बस अड्डे का नाम चंडीगढ़ भेजा जा चुका है।
मोहना गांव यमुनापार खादर के 15 गांवों का केंद्र है। इसके अलावा हीरापुर, बलई, मोहना, जल्हाका, कुलैना, छांयसा और अमरपुर सहित आसपास के गांवों के लोग भी यहां से बस पकड़ सकेंगे। इन गांवों के ग्रामीणों को बल्लभगढ़ और पलवल आने-जाने में सुविधा होगी। कुछ समय बाद यहां से चंडीगढ़ और दूसरे शहरों के लिए सीधी बसें चलाने की भी संभावना है।
हरियाणा रोडवेज फरीदाबाद व पलवल डिपो के महाप्रबंधक जितेंद्र यादव के मुताबिक, मोहना बस अड्डे के लिए पलवल डिपो से चार और फरीदाबाद डिपो से चार बसें चलाई जा रही हैं। पलवल और बल्लभगढ़ से 16-16 फेरे लगाए जा रहे हैं। बसों की सेवा करीब एक घंटे के अंतराल पर है। पलवल डिपो की एक बस सुबह यमुनापार खादर के सोलडा गांव के लिए भी जाती है। यात्रियों की जरूरत के अनुसार बाद में बसों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।
