फरीदाबाद में सफाई व्यवस्था की शिकायतों के बीच नगर निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह बुधवार को खुद फील्ड में उतरे। उन्होंने बल्लभगढ़, एनआईटी और ओल्ड फरीदाबाद जोन में अलग-अलग जगहों का औचक निरीक्षण किया और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

आयुक्त सबसे पहले एनआईटी तीन और डबुआ कॉलोनी के विभिन्न हिस्सों में गए, जहां कई जगहों पर कूड़े के ढेर नजर आए। इस पर संबंधित सफाई दरोगा से खत्तों पर फैले कूड़े को लेकर जवाब मांगा गया और खत्तों को पूरी तरह साफ करने के निर्देश दिए गए।

इसके बाद आयुक्त ने बल्लभगढ़ में गुरुग्राम कैनाल रोड, सेक्टर-3 खाटू श्याम रोड और सेक्टर-3 मार्केट सहित अन्य क्षेत्रों का निरीक्षण किया। यहां भी सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं मिली। आयुक्त ने इन सभी जगहों से खत्ते साफ कराने और वहां ग्रीन बेल्ट विकसित करने के निर्देश दिए।

ओल्ड फरीदाबाद में सड़क किनारे जमा धूल के मामले में संबंधित अधिकारियों को स्वीपिंग मशीन 24 घंटे चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही मशीन किन-किन जगहों पर धूल साफ करे, इसकी पूरी निगरानी रखने और एंटी स्माग गन लगातार चलाने को कहा गया, ताकि बढ़ते प्रदूषण स्तर को कम किया जा सके।