फरीदाबाद में दुष्कर्म के एक मामले में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश लोकश गुप्ता की फास्ट ट्रैक कोर्ट ने आरोपी छेदी लाल को बरी कर दिया है। मामले में अभियोजन पक्ष ने जो ऑडियो रिकॉर्डिंग सबूत के तौर पर पेश की थी, वही आरोपी के बरी होने का प्रमुख आधार बन गई। अदालत ने माना कि इस बातचीत से जबरन दुष्कर्म के बजाय सहमति से संबंध होने और पति की आत्महत्या के बाद बच्चों की आर्थिक जिम्मेदारी को लेकर दबाव बनाने की संभावना सामने आती है।

मामले के अनुसार, महिला ने 14 अप्रैल 2023 को महिला एनआईटी थाने में शिकायत दी थी। उसने बताया था कि वह सात जनवरी 2023 से सरूरपुर चौक स्थित एक कबाड़ गोदाम में हेल्पर का काम करती थी, जहां छेदी लाल फोरमैन था। आरोप था कि 10 जनवरी को छेदी लाल उसे जबरन गोदाम के कमरे में ले गया और दुष्कर्म किया। इसके बाद अलग-अलग तारीखों पर भी उसके साथ दुष्कर्म किया गया। 19 मार्च को छेदी लाल उसके घर पहुंचा और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसी दौरान उसका पति घर लौट आया और उसने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया। अगले दिन महिला के पति ने आत्महत्या कर ली थी।

फैसले का सबसे अहम पहलू अभियोजन पक्ष की ओर से पेश ऑडियो बातचीत रही, जिसमें महिला और उसके देवर के बीच बातचीत है। इसमें देवर कहता सुनाई दे रहा है कि महिला और छेदी लाल के बीच संबंध बन गए थे और दोनों एक-दूसरे के पास आने-जाने लगे थे। बातचीत में यह भी कहा गया कि महिला के पति ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था, जिसके बाद उसने आत्महत्या कर ली। देवर ने आरोपी से बच्चों की आर्थिक जिम्मेदारी उठाने की बात भी कही थी।

अदालत के अनुसार, यह ऑडियो पीड़ित पक्ष ने ही साक्ष्य के रूप में पेश किया था और उससे मुकरा भी नहीं था, इसलिए अदालत ने इसे महत्वपूर्ण साक्ष्य माना। अदालत ने कहा कि इस बातचीत से अभियोजन की मूल कहानी कमजोर पड़ी और संदेह का लाभ देते हुए आरोपी को बरी कर दिया गया।