कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान को देखते हुए फतेहगढ़ में पुलिस प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। जोन-सेक्टर स्कीम लागू करने के साथ ही सोमवार शाम छह बजे से मंगलवार शाम छह बजे तक हाईवे पर बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। गंगा स्नान के लिए पांचालघाट, श्रंगीरामपुर और ढाईघाट पर फोर्स तैनात रहेगा।
पुलिस प्रशासन ने कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए चार जोन और 14 सेक्टर बनाए हैं। सुरक्षा के लिए एक प्लाटून पीएसी, छह क्षेत्राधिकारी, 15 इंस्पेक्टर, 80 दारोगा, 550 दीवान व सिपाही और 90 महिला पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। चार फायर टेंडर और दो क्यूआरटी टीमों का भी गठन किया गया है। यह फोर्स पांचालघाट, श्रंगीरामपुर और ढाईघाट पर मुस्तैद रहेगा। संबंधित कोतवाली व थाना प्रभारी भी फोर्स के साथ तैनात रहेंगे। फ्लड पीएसी जवान नाव से गश्त करेंगे और गंगा में बैरिकेड्स लगाए जाएंगे, ताकि श्रद्धालु गहरे पानी में न जा सकें। इसके लिए एक जोनल टीम भी बनाई गई है।
यातायात व्यवस्था के तहत सोमवार शाम छह बजे से मंगलवार शाम छह बजे तक हाईवे पर बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। कानपुर-कन्नौज से आने वाले बड़े व माल वाहनों को गुरसहायगंज से डायवर्ट कर छिबरामऊ से होकर निकाला जाएगा। छिबरामऊ से आने वाले वाहनों को मैनपुरी के बेवर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। मैनपुरी से आने वाले बड़े वाहनों को बेवर, जनपद एटा की ओर से आने वाले वाहनों को ब्राहिमपुर अलीगंज बार्डर पर खड़े कराए जाएंगे। शाहजहांपुर से आने वाले वाहनों को हुल्लापुर, ढाईघाट जाने वाले वाहनों को जरियनपुर में और हरदोई की ओर से आने वाले वाहनों को रूपापुर में खड़े कराए जाएंगे।
अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा रूट भी डायवर्ट किया गया है।
