पश्चिम चंपारण के नौतन स्थित मड़ुआहां गांव में रविवार की रात अज्ञात चोरों ने एक खाद दुकान का ताला तोड़कर कीटनाशक दवाइयां, खाद और नकदी चुरा ली। दुकानदार का अनुमान है कि चोरी गए सामान की कीमत करीब 10 लाख रुपये है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, बरदाहां पंचायत के मड़ुआहां गांव में दुकानदार उमेश ठाकुर रोज की तरह रात में दुकान बंद कर घर गए थे। सोमवार सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि दुकान से कीमती कीटनाशक दवाइयां, खाद और नकदी गायब हैं। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।

घटना की सूचना मिलते ही इलाके में चर्चा शुरू हो गई और दुकान पर लोगों की भीड़ जुट गई। पीड़ित दुकानदार ने नौतन थाने में लिखित आवेदन देकर चोरी की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और जांच शुरू कर दी है।

थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि खाद दुकान में चोरी की घटना की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। रबी खेती के बीच हुई इस घटना से किसानों के सामने खाद और दवा का संकट पैदा हो गया है।