किशनगंज जिले में भारत-नेपाल सीमा से सटे 29 गांवों को वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के तहत विकसित किया जाएगा। सोमवार को जिला पदाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में सीमावर्ती गांवों के समग्र विकास और सीमा सुरक्षा में स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के लिए जिले के तीन प्रखंडों के 29 गांव चिह्नित किए गए हैं, जिनमें टेढ़ागाछ के नौ, दिघलबैंक के 12 और ठाकुरगंज के आठ गांव शामिल हैं। योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित निगरानी के लिए जिला स्तरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

डीएम ने कहा कि सीमावर्ती गांवों के युवाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना कार्यक्रम की प्रमुख प्राथमिकता है। युवाओं की रुचि और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप आरसेटी और जीविका के माध्यम से ऑटोमोबाइल, ड्राइविंग, एयर कंडीशनर एवं फ्रिज रिपेयरिंग, मोबाइल रिपेयरिंग, सिलाई मशीन संचालन और अगरबत्ती निर्माण जैसे कार्यों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समय-सीमा में प्रशिक्षण शुरू कराने का निर्देश दिया गया।

चयनित गांवों में सड़क और संपर्क पथों का निर्माण, नल-जल योजना से शुद्ध पेयजल की उपलब्धता तथा विद्युत सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता देने को कहा गया। इसके अलावा पात्र परिवारों के आयुष्मान भारत कार्ड और राशन कार्ड बनाने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से जोड़ने तथा मत्स्य पालन, सुअर पालन और सोलर पैनल से संबंधित योजनाओं का लाभ दिलाने का निर्देश दिया गया।

बैठक में विकास योजनाओं के साथ सीमा सुरक्षा से जुड़े पहलुओं पर भी चर्चा हुई। एसपी संतोष कुमार ने सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों के साथ बेहतर समन्वय और विश्वास का वातावरण बनाने पर जोर दिया। उन्होंने सीमा सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा सीमा प्रबंधन में स्थानीय नागरिकों की सकारात्मक भागीदारी सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई। डीएम ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं की नियमित समीक्षा करने और कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। बैठक में डीडीसी प्रदीप कुमार झा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।