सिलीगुड़ी जिला अस्पताल परिसर में सोमवार तड़के हंगामा हुआ, जिसमें ड्यूटी पर तैनात तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। आरोप है कि शराब के नशे में धुत कुछ युवकों ने पहले स्वास्थ्य कर्मियों से गाली-गलौज की और फिर पुलिस कैंप के जवानों पर हमला कर दिया। पुलिस ने विजय घोष नामक एक युवक को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, रात करीब एक बजे शराब के नशे में धुत कुछ युवक एक घायल युवक को इलाज के लिए सिलीगुड़ी जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। घायल युवक के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट थी। आरोप है कि इमरजेंसी में ले जाने पर उन युवकों ने वहां मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। शोर सुनकर अस्पताल के पुलिस कैंप से पहुंचे पुलिसकर्मियों को भी आरोपियों ने गालियां दीं। पुलिसकर्मियों ने हंगामा कर रहे युवकों को वहां से हटा दिया।
घायल पुलिसकर्मियों के अनुसार, कुछ देर बाद वे युवक दोबारा दल-बल के साथ पहुंचे और 8 से 10 लोगों ने मिलकर ड्यूटी पर तैनात तीन पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों से पुलिसकर्मियों की पिटाई की गई, जिसमें वे घायल हो गए। सूचना मिलने पर सिलीगुड़ी थाने से भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा, तब तक आरोपी भाग चुके थे। अस्पताल पुलिस कैंप के जवानों ने एक युवक को पकड़कर सिलीगुड़ी थाना पुलिस के हवाले कर दिया। रात में ही थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
घटना के बाद अस्पताल में मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं। सोमवार दोपहर सिलीगुड़ी थाना के आइसी समेत अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल अधीक्षक के साथ बैठक की। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, पुलिस को घटना से संबंधित सभी प्रकार की रिपोर्ट उपलब्ध कराई गई है और परिसर की सुरक्षा व्यवस्था तथा घटना के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
