इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के टपरीवास प्रकोष्ठ ने भिवानी में जाट धर्मशाला में बैठक कर 20 दिसंबर को चौटाला गांव में होने वाले पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला की प्रतिमा अनावरण समारोह की रूपरेखा तैयार की। बैठक में टपरीवास प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक रमेश लाली मुख्य रूप से शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन एवं इनेलो प्रदेश महासचिव विजय पचगांवा ने की।
नेताओं ने बताया कि 20 दिसंबर को चौटाला के पैतृक गांव चौटाला में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। इस समारोह में पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। बैठक में भिवानी जिले से कार्यकर्ताओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर मंथन किया गया और पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में नंदराम सांगवान परिवार सहित, प्रकाश नाथ व आजाद सिंह अपने साथियों सहित इनेलो में आस्था जताई, जिनका पार्टी में स्वागत किया गया।
टपरीवास प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक रमेश लाली ने कहा कि पार्टी नेतृत्व व प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा के निर्देशानुसार इनेलो के प्रत्येक प्रकोष्ठ को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है। बैठक की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश महासचिव एवं भिवानी जिला प्रभारी विजय पचगांवा ने कहा कि 20 दिसंबर को संघर्ष के प्रतीक चौ. ओमप्रकाश चौटाला की प्रतिमा के अनावरण समारोह में भिवानी जिले से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता गांव चौटाला पहुंचेंगे।
इस अवसर पर प्रदेश महासचिव सुनील लांबा, जगराम साहब, सुभाष, सुनील स्वामी, रण सिंह श्योराण, विक्रम, संदीप, मनजीत, दीपक वाल्मीकि, अनिल काठपालिया, राजेश पुनिया, निशांत ढांडा, दिलबाग सिंह, सूरजभान घणघस, कृष्ण मिताथल, अनिल बागनवाला, जेपी घणघस आदि मौजूद रहे।
