फतेहपुर के थरियांव थाना क्षेत्र के एकारी गांव निवासी राकेश चंद्र श्रीवास्तव और उनके छोटे भाई रमेश चंद्र श्रीवास्तव के बीच जमीन और फसल के बंटवारे को लेकर छह माह से मनमुटाव चल रहा था। दोनों भाइयों ने गरीबी में बचपन बिताया और करीब 15 वर्ष पहले बेंगलुरू जाकर कारोबार खड़ा किया था। विवाद बढ़ने पर मामला पुलिस तक पहुंचा और मारपीट व मुकदमेबाजी की नौबत आ गई।

एसपी तक मामला पहुंचने के बाद थाना प्रभारी शमशेर बहादुर ने दोनों भाइयों को थाने बुलाकर बातचीत कराई। उन्होंने बचपन के संघर्ष, साथ बिताए दिनों और खून के रिश्ते की अहमियत समझाई। काफी देर तक चली समझाइश के बाद दोनों भाई आपसी सहमति से समझौते को राजी हो गए।

समझौते के बाद दोनों ने एक-दूसरे को मीठा खिलाया और गले लगकर फूट-फूटकर रोए। यह दृश्य देखकर उनकी पत्नियों की आंखें भी छलक पड़ीं। छह माह से रिश्तों पर जमी नाराजगी आंसुओं के साथ बह गई और थाने का माहौल भी भावुक हो गया।