फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) के निदेशक काश पटेल ने शुक्रवार को अमेरिकियों को निशाना बनाने वाले साइबर अपराधियों को चेतावनी दी है कि उन्हें कानून का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के नेतृत्व में एजेंसी साइबर खतरों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर रही है।

एक्स पर एक पोस्ट में पटेल ने कहा कि ऑपरेशन विंटर शील्ड का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ मिलकर अमेरिका की साइबर सुरक्षा को मजबूत करना और व्यवसायों, सरकारी प्रणालियों तथा महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की रक्षा करना है। उन्होंने लिखा कि एफबीआई दुनिया भर के साइबर अपराधियों के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है और इस अभियान के जरिए साइबर खतरों के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया जा रहा है। पटेल ने कहा, "हमारा संदेश साफ है कि अगर आप अमेरिकी लोगों को निशाना बनाते हैं तो न्याय आप तक जरूर पहुंचेगा।"

यह चेतावनी अमेरिका में साइबर सुरक्षा और डिजिटल बुनियादी ढांचे की मजबूती को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच आई है। हाल ही में जेपी मॉर्गन चेस से जुड़े थर्ड-पार्टी सर्विस प्रोवाइडर्स पर एक साइबर हमला हुआ, जिससे लगभग 16,000 ग्राहकों की निजी जानकारी लीक होने की आशंका है। बैंक ने गुरुवार को इस घटना की जानकारी दी।

बैंक ने बताया कि जांच से पता चला है कि हमलावरों ने बाहरी वेंडर्स के पास मौजूद मार्केटिंग डेटा तक पहुंच बना ली थी, जिसमें ग्राहकों के नाम और ईमेल पते शामिल हो सकते हैं। बैंक ने स्पष्ट किया कि उसके मुख्य कामकाज और सेवाएं इससे प्रभावित नहीं हुई हैं। फॉक्स न्यूज के अनुसार, 'n0n' नाम के एक रैनसमवेयर ग्रुप ने ग्राहकों का डेटा लीक करने की जिम्मेदारी ली है। खबरों के मुताबिक, इस घटना से वीजा और मास्टरकार्ड से जुड़े व्यावसायिक साझेदार भी प्रभावित हुए हैं। जेपी मॉर्गन चेस ने कहा कि जहां जरूरी होगा, प्रभावित ग्राहकों से सीधे संपर्क कर उन्हें सहायता दी जाएगी, जिसमें मुफ्त क्रेडिट मॉनिटरिंग भी शामिल है।