सर्दियों में कोहरे के कारण यमुनानगर-जगाधरी स्टेशन से गुजरने वाली 12 ट्रेनें दिसंबर से फरवरी तक निर्धारित दिनों में रद्द रहेंगी। रेलवे ने यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन का शेड्यूल जांचने की सलाह दी है।
यमुनानगर। सर्दियों में कोहरे के कारण यमुनानगर-जगाधरी स्टेशन से होकर गुजरने वाली 12 ट्रेनों का संचालन दिसंबर से फरवरी तक निर्धारित दिनों में बंद रहेगा। रेलवे की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार काठगोदाम-जम्मूतवी एक्सप्रेस (12207) आठ दिसंबर से दो मार्च तक प्रत्येक मंगलवार और जम्मूतवी-काठगोदाम (12208) छह दिसंबर से 28 फरवरी तक प्रत्येक रविवार को रद्द रहेगी। ऋषिकेश-जम्मूतवी (14605) सात दिसंबर से एक मार्च तक सोमवार और जम्मूतवी-ऋषिकेश (14606) छह दिसंबर से 28 फरवरी तक रविवार को नहीं चलेगी।
बरौनी-अंबाला हरिहर एक्सप्रेस (14523) तीन दिसंबर से एक मार्च तक सोमवार व गुरुवार और अंबाला-बरौनी (14524) एक दिसंबर से 27 फरवरी तक मंगलवार व शनिवार को रद्द रहेगी। लालकुआं-अमृतसर (14615) और अमृतसर-लालकुआं (14616) पांच दिसंबर से 27 फरवरी तक प्रत्येक शनिवार को नहीं चलेंगी। पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर जनसेवा एक्सप्रेस (14617) तीन दिसंबर से दो मार्च और वापसी में (14618) एक दिसंबर से 28 फरवरी तक रद्द रहेगी। डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ (15903) चार दिसंबर से 26 फरवरी तक सोमवार व शुक्रवार और चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ (15904) छह दिसंबर से 28 फरवरी तक रविवार व बुधवार को नहीं चलेगी।
इसके अलावा नई दिल्ली-जालंधर सिटी एक्सप्रेस (14681) एक दिसंबर से 28 फरवरी तक अंबाला छावनी तक ही चलेगी और वापसी में ट्रेन (14682) दो दिसंबर से एक मार्च तक अंबाला से रवाना होगी। ऐसे में पंजाब, जम्मू और उत्तराखंड की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को टिकट बुक कराने से पहले ट्रेन का शेड्यूल देखना होगा और आगे का सफर स्वयं तय करना होगा।
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा से पहले रेलवन एप, आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन नंबर 139 से ट्रेन की स्थिति जांच लें।
