भारत में खुदरा महंगाई अक्तूबर में बढ़कर 6.09 फ़ीसदी हो गई, जबकि सितंबर में यह 5.54 फ़ीसदी थी। सबसे ज़्यादा चिंता खाद्य महंगाई को लेकर है, जो बढ़कर 8.94 फ़ीसदी हो गई है। ग्रामीण भारत में खाद्य महंगाई 9.09 फ़ीसदी और शहरी इलाक़ों में 8.68 फ़ीसदी रही। यानी खाने-पीने की चीज़ों की क़ीमतें महंगाई की कुल दर से कहीं तेज़ी से बढ़ रही हैं। अर्थशास्त्रियों के मुताबिक़ इस साल खाद्य महंगाई बढ़ने की कई वजहें हैं, जिनमें मौसम में बदलाव, सप्लाई में कमी और खेती की लागत में बढ़ोतरी शामिल हैं। भारत की करीब 60 फ़ीसदी खेती बारिश पर निर्भर है, इसलिए मानसून में बदलाव का सीधा असर पड़ता है। इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य से 13 फ़ीसदी कम रहा और अल नीनो की स्थिति मज़बूत होने से कृषि उत्पादन पर ख़तरा बढ़ गया है।

पोलिंग एजेंसी लोकलसर्कल्स के एक सर्वे के मुताबिक़ हर दस में से छह लोगों का कहना है कि एक साल पहले के मुकाबले अब हर महीने घर के ज़रूरी सामान पर उनका खर्च बीस फ़ीसदी से ज़्यादा बढ़ गया है। सर्वे के अनुसार 74 फ़ीसदी लोग बाहर खाना खाने, ख़रीदारी और मनोरंजन पर खर्च कम कर रहे हैं, जबकि आधे लोग ज़रूरी सामान कम मात्रा में ख़रीद रहे हैं। भारतीय परिवारों के कुल खर्च में खाने-पीने की हिस्सेदारी पहले से कम हुई है, लेकिन महंगाई बढ़ाने में इसकी भूमिका अब भी सबसे ज़्यादा है। मौजूदा उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) में खाद्य वस्तुओं की हिस्सेदारी 36.75 फ़ीसदी है, जो पिछले सूचकांक में 45.86 फ़ीसदी थी।

मुंबई स्थित इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ डेवलपमेंट रिसर्च की एसोसिएट प्रोफ़ेसर राजेश्वरी सेनगुप्ता कहती हैं कि भारत जैसे ग़रीब देश में खर्च घटाने या उनमें बदलाव की गुंजाइश बहुत कम है। एनालिटिक्स कंपनी क्रिसिल के मुख्य अर्थशास्त्री धर्मकीर्ति जोशी की गणना के मुताबिक़ अक्तूबर में ग्रामीण इलाक़ों के सबसे ग़रीब बीस फ़ीसदी परिवारों को 6.9 फ़ीसदी महंगाई का सामना करना पड़ा, जबकि सबसे अमीर बीस फ़ीसदी के लिए यह दर 6.5 फ़ीसदी रही। शहरी भारत में सबसे ग़रीब बीस फ़ीसदी परिवारों के लिए महंगाई दर 6.1 फ़ीसदी और सबसे अमीर 20 फ़ीसदी के लिए 5.3 फ़ीसदी रही।

क्रिसिल के 'रोटी राइस रेट' विश्लेषण के अनुसार अक्तूबर में घर पर बनने वाली शाकाहारी थाली की क़ीमत एक साल पहले के मुकाबले 12 फ़ीसदी बढ़ गई, जिसकी वजह प्याज़, टमाटर, सब्ज़ियों, खाद्य तेल, चावल और रसोई गैस की बढ़ती क़ीमतें हैं। मांसाहारी थाली की क़ीमत में नौ फ़ीसदी की बढ़ोतरी हुई। क्रिसिल के इंटेलिजेंस विभाग के निदेशक पुषन शर्मा के मुताबिक़ चावल की क़ीमतें सालाना आधार पर करीब दस फ़ीसदी, दालों की आठ फ़ीसदी, खाद्य तेल की तेरह फ़ीसदी और एलपीजी की दस फ़ीसदी बढ़ी हैं। उनका कहना है कि अब क़ीमतों में बढ़ोतरी के लिए सिर्फ़ कुछ चीज़ें ज़िम्मेदार नहीं हैं, बल्कि इसका असर कई तरह की चीज़ों पर दिखने लगा है। खाद्य महंगाई सिर्फ़ उत्पादन पर नहीं, बल्कि भंडारण, प्रोसेसिंग और बाज़ार तक पहुंचने की कुशलता पर भी निर्भर करती है।