नई दिल्ली। फोर्टिस अस्पताल, शालीमार बाग में नवजात शिशुओं के उपचार का दावा करने वाले दो डॉक्टरों की विशेषज्ञ योग्यताओं पर गंभीर सवाल उठे हैं। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) और दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) की संयुक्त जांच में दोनों डॉक्टरों को भारत में संबंधित विशेषज्ञ के रूप में पंजीकरण और कार्य करने के लिए जरूरी योग्यताओं के मानकों पर खरा नहीं पाया गया। 13 नवंबर को तैयार यह जांच रिपोर्ट 18 नवंबर को एनएमसी के हलफनामे के साथ दिल्ली हाई कोर्ट में दाखिल की गई।

जांच समिति ने एक डॉक्टर की अतिरिक्त योग्यता को दिल्ली मेडिकल काउंसिल (डीएमसी) के पंजीकरण से हटाने की सिफारिश की है, जबकि दूसरे की डिग्री को मान्यता प्राप्त अतिरिक्त विशेषज्ञ योग्यता नहीं माना है। डॉ. विवेक जैन की ब्रिटेन से प्राप्त एमआरसीपीसीएच योग्यता पर सवाल उठाए गए। उनके पास प्रशिक्षण पूरा करने का प्रमाणपत्र (सीसीटी) नहीं था और वह ब्रिटेन के विशेषज्ञ रजिस्टर में भी पंजीकृत नहीं थे। वर्ष 2016 में यह योग्यता डीएमसी में अतिरिक्त योग्यता के रूप में दर्ज की गई थी। समिति ने इसे पंजीकरण से हटाने की सिफारिश की है, जिसका अर्थ उनका पूरा मेडिकल पंजीकरण रद होना नहीं है।

दूसरे डॉक्टर डॉ. अखिलेश सिंह के मामले में कोलकाता के इंडियन कॉलेज ऑफ मैटरनल एंड चाइल्ड हेल्थ से प्राप्त चाइल्ड हेल्थ में डिप्लोमा की मान्यता पर सवाल उठे। जांच में इसे भारतीय चिकित्सा परिषद (एमसीआई) अथवा एनएमसी से मान्यता प्राप्त अतिरिक्त विशेषज्ञ योग्यता नहीं माना गया। डीएमसी के रिकॉर्ड के अनुसार उनका पंजीकरण एमबीबीएस के आधार पर है। एनएमसी को दिए जवाब में फोर्टिस अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि डॉ. अखिलेश सिंह योग्य सलाहकारों की निगरानी में बाल चिकित्सा टीम की सहायता करते थे और स्वतंत्र रूप से विशेषज्ञ के तौर पर उपचार नहीं करते थे। अस्पताल ने मामला न्यायाधीन बताते हुए टिप्पणी करने से इनकार किया।

यह मामला अगस्त 2017 में फोर्टिस अस्पताल में जन्मे एक बच्चे के उपचार से जुड़ा है। बच्चे की मां सपना जैन ने आरोप लगाया था कि उपचार के दौरान लापरवाही और मेडिकल रिकॉर्ड में गड़बड़ी के कारण उनके बेटे को गंभीर हाइपोक्सिक ब्रेन इंजरी हुई, जिससे उसे सेरेब्रल पाल्सी, मिर्गी और वेस्ट सिंड्रोम जैसी समस्याएं हुईं। हालांकि, वर्ष 2019 में डीएमसी की अनुशासनात्मक जांच में चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप साबित नहीं पाया गया था। 23 फरवरी 2023 को हाई कोर्ट ने डॉक्टरों की शैक्षणिक योग्यताओं की जांच के लिए संबंधित चिकित्सा नियामकों से जवाब मांगा था। मई 2025 में डीएमसी ने अंतरिम राय देते हुए दोनों डॉक्टरों को नवजात शिशु विशेषज्ञ बताने और सुपर स्पेशियलिस्ट के रूप में कार्य करने से परहेज करने को कहा था। इसके बाद हाई कोर्ट ने एनएमसी और डीजीएचएस को संयुक्त जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया था। अलग घटनाक्रम में 22 सितंबर 2025 को रोहिणी की अदालत ने पुलिस की क्लोजर रिपोर्ट खारिज कर विस्तृत जांच के लिए तीन महीने का समय दिया था। डॉक्टरों की विशेषज्ञ योग्यता पर एनएमसी की जांच को चिकित्सकीय लापरवाही का अंतिम प्रमाण नहीं माना जा सकता।