हिन्दू ज्योतिष के प्राचीन ग्रंथ बृहत् पराशर होरा शास्त्र के अनुसार किसी भी फलकथन से पहले जातक के देश-काल-पात्र की जानकारी जुटाना जरूरी माना गया है। इसमें व्यक्ति की सामाजिक पृष्ठभूमि, देश और दुनिया की परिस्थिति तथा उसका स्वभाव शामिल है। कुछ दशक पहले तक निजी क्षेत्र में भी लोग एक ही कंपनी में लंबे समय तक काम करते देखे जाते थे, लेकिन हाल के वर्षों में टेक्नोलॉजी, आईटी, मार्केटिंग और सेल्स जैसे क्षेत्रों में नई पीढ़ी के कर्मचारी महज 2-3 वर्षों में जल्दी उन्नति के लिए नौकरी बदलते देखे जा रहे हैं। वहीं बैंकिंग, प्रिंट मीडिया और शिक्षा जैसे सेक्टर में कर्मचारी अपेक्षाकृत अधिक समय तक नौकरी में टिकते पाए गए हैं। बीते 2 वर्षों में AI के विकास के साथ कई बड़ी आईटी कंपनियों में कर्मचारियों के निकाले जाने की घटनाएं भी बढ़ रही हैं।

ज्योतिष के अनुसार जन्म लग्न या चंद्र लग्न में से जो बलवान हो, उससे दशम भाव में शनि, मंगल, राहु या केतु जैसे नैसर्गिक पाप ग्रहों के स्थित होने से जातक में जल्दी नौकरी बदलने की प्रवृत्ति मानी जाती है। यदि लग्न या चंद्र लग्न से एकादश (लाभ) भाव में पाप ग्रह हों तो व्यक्ति अधिक सैलरी की चाह में पद और संस्थान की परवाह किए बिना नौकरी बदल सकता है। बृहत् पराशर होरा शास्त्र के अनुसार जन्म लग्न और नवांश दोनों से दशम भाव में पाप ग्रह होने पर जातक कर्महीन कहा गया है, जिसे आधुनिक परिप्रेक्ष्य में देखें तो खराब दशा में ऐसे व्यक्ति की नौकरी भी जा सकती है।

राजस्थान की पारंपरिक ज्योतिष पुस्तकों में केतु के स्वभाव को लेकर कहा गया है कि केतु ग्रह रहस्यमय, विरक्त और संसार से कुछ बेपरवाह माना जाता है। जन्म कुंडली के दशम भाव में केतु होने पर जातक कार्य में धन का अधिक लोभ नहीं करता और मनमर्जी का काम न मिलने पर धन हानि सहकर भी नौकरी बदल सकता है। जन्म कुंडली और नवांश दोनों के दशम भाव में केतु हो तो नौकरी लंबे समय के लिए छूट सकती है या व्यक्ति नौकरी छोड़कर छोटा व्यवसाय कर सकता है। गोचर में लग्न या चंद्रमा से अष्टम भाव की राशि में शनि का गोचर, विशेषकर चंद्रमा से अष्टम में शनि की ढैया में प्रतिकूल दशा होने पर कठिन परिस्थितियों में नौकरी बदलती है। गोचर का शनि यदि जन्म कुंडली के सूर्य को तीसरी, सातवीं या दसवीं दृष्टि से देखे तो व्यक्ति नौकरी के साथ अपना सेक्टर या प्रोफाइल भी बदल देता है।

कुंडली में स्थिर राशियों (वृषभ, सिंह, वृश्चिक, कुंभ) और स्थिर नवांश में दशमेश सहित अधिक ग्रह होने पर व्यक्ति एक जगह टिककर लंबे समय तक नौकरी करना चाहता है, जबकि दशमेश का चर राशियों (मेष, कर्क, तुला, मकर) में होना और अधिकतम ग्रहों का इन राशियों में होना जल्दी-जल्दी नौकरी बदलने का अवसर देता है। दशम भाव में चंद्रमा भी नौकरी में जल्दी बदलाव और कार्य क्षेत्र में उतार-चढ़ाव देता है। लग्न से पंचम भाव की अशुभ दशा में डिमोशन के कारण व्यक्ति नौकरी बदल लेता है, जबकि पंचमेश बलवान हो तो बड़ा पद पाने के लिए नौकरी बदली जाती है। अष्टम भाव के अशुभ ग्रह की दशा में अपमान के बाद नौकरी बदल सकती है, और अष्टमेश शुभ हो तो अचानक बड़ी प्रोफाइल की जॉब मिलने पर। सप्तम, नवम और द्वादश भाव की शुभ दशा में व्यक्ति विदेश जाने के लिए नौकरी बदलता है।