खाद्य नियामक FSSAI ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है। कंपनी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का एक सैंपल जांच में असुरक्षित पाया गया। FSSAI ने रविवार को यह जानकारी दी। यह सैंपल बिसलेरी इंटरनेशनल कैंपस से जांच के लिए लिया गया था।

नियामक के अनुसार, सैंपल में तय सीमा से अधिक ब्रोमेट पाया गया, जिसके बाद इसे FSS एक्ट 2006 के तहत असुरक्षित घोषित किया गया। कंपनी की अपील पर सैंपल रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया, जहां पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स (PAHs) मिलने के कारण इसे असुरक्षित बताया गया। यह सैंपल "पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर" श्रेणी का था। इस साल FSSAI ने फूड बिजनेस ऑपरेटर्स और ई-कॉमर्स कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई तेज की है।

ब्रोमेट एक रासायनिक यौगिक है। पैकेज्ड पानी को साफ करने के लिए ओजोन का इस्तेमाल होता है; यदि पानी में पहले से ब्रोमाइड मौजूद हो, तो ओजोन के साथ प्रतिक्रिया से ब्रोमेट बन जाता है। ब्रोमेट को संभावित कैंसरकारी माना जाता है, इसलिए FSSAI ने इसके लिए बहुत कम सीमा तय की है। सीमा से अधिक ब्रोमेट मिलने का अर्थ है कि पानी की ट्रीटमेंट प्रक्रिया में गड़बड़ी हुई।

पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स रसायनों का एक समूह है, जो कुछ औद्योगिक प्रक्रियाओं और अधूरे दहन से बन सकते हैं। ये पेट्रोल, डीजल, कोयला या प्लास्टिक के जलने और पेट्रोकेमिकल प्रदूषण से भी बनते हैं। इनमें से कई यौगिकों को कैंसरकारी माना जाता है। पीने के पानी में PAHs मिलने का अर्थ है कि पानी के स्रोत या पैकेजिंग और प्रोसेसिंग में कहीं से प्रदूषण आया है। कुछ यौगिक लंबे समय तक संपर्क में रहने पर कैंसर का खतरा बढ़ा सकते हैं।