भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने रविवार को बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। यह कार्रवाई असुरक्षित पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर को लेकर की गई है। एफएसएसएआई की जांच में कंपनी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के नमूने में तय सीमा से अधिक ब्रोमेट और पॉलीन्यूक्लियर एरोमेटिक हाइड्रोकार्बन्स पाए जाने के कारण इसे असुरक्षित घोषित किया गया है। इस मामले में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कंपनी के खिलाफ अभियोजन चलाने की मंजूरी भी दी गई है।

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब एफएसएसएआई बेवरेज कंपनियों की जांच कर रहा है। इसमें रेड बुल के साथ चल रहा विवाद भी शामिल है, जो अपने उत्पाद को एनर्जी ड्रिंक के रूप में वर्गीकृत करने को लेकर है। जून में एफएसएसएआई ने एनर्जी ड्रिंक के लेबल के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई थी। नियामक का तर्क है कि कुछ पेय पदार्थों में बहुत ज्यादा मात्रा में चीनी मिलाई जाती है, और इस तरह के वर्गीकरण से उपभोक्ता गुमराह हो सकते हैं, जिससे वे इनका ज्यादा सेवन कर सकते हैं।

रेड बुल, पेप्सिको, मॉन्स्टर बेवरेज और रिलायंस कंज्यूमर ने नियामक के इस आदेश को दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी है। उनका तर्क है कि ये प्रतिबंध बिना किसी पूर्व सूचना के लगाए गए थे। रेड बुल को अदालत से एक स्टे मिल गया है, जिससे उसे एनर्जी ड्रिंक लेबल का इस्तेमाल जारी रखने की अनुमति मिल गई है। वहीं, अन्य कंपनियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपना मौजूदा स्टॉक खत्म होने के बाद इस वर्गीकरण का इस्तेमाल बंद कर दें।

एफएसएसएआई ने रेड बुल को मिली इस राहत को चुनौती दी है। नियामक का तर्क है कि इससे कंपनी को अपने प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले अनुचित व्यावसायिक लाभ मिलता है। इस मामले की सुनवाई जनवरी में होनी है।