गुवाहाटी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यस्त सड़क के नीचे बने नाले में फंसे युवक को राहगीरों ने बचा लिया। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की इमारत के सामने बने नाले में हुई। यह इलाका काफी व्यस्त रहता है, जिसके चलते वाहनों के शोर के बीच नाले से आती मदद की हल्की आवाज किसी को सुनाई नहीं दे रही थी। फुटपाथ से गुजर रहे एक व्यक्ति को जब यह आवाज सुनाई दी, तो उसने झांककर देखा कि एक युवक बेहद दयनीय हालत में नाले में पड़ा हुआ है।

इसके बाद उस राहगीर ने आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया। नाले के ऊपर चल रहे इस रेस्क्यू को देखने के लिए भीड़ जमा हो गई और लोगों के बीच यह जानने की उत्सुकता थी कि इतने व्यस्त इलाके में कोई व्यक्ति इतने लंबे समय तक नाले में कैसे पड़ा रह सकता है। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत रेस्क्यू की व्यवस्था की और कुछ ही देर की मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकाल लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने स्थानीय मीडिया से बात करते हुए बताया कि युवक की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा सकता था कि वह काफी दिनों से नाले में फंसा हुआ था। नाले से बाहर निकाले जाने के बाद वह व्यक्ति वहां से चला गया।

मामला चर्चा में आने के बाद पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि एक युवक के काफी दिनों से नाले में फंसे होने की जानकारी सामने आई थी। फिलहाल उसकी पहचान और नाले में फंसने के पीछे की वजह की जानकारी जुटाई जा रही है। हालांकि, सुखद बात यह है कि स्थानीय लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए उसकी जान बचा ली। सवाल अब भी बना हुआ है कि इतनी व्यस्त जगह पर एक व्यक्ति इतने लंबे वक्त तक आखिर नाले में कैसे फंसा रहा।