गुरुपर्व पर खारी बावली से निकलने वाले नगर कीर्तन के मार्ग को अतिक्रमण और जाम से मुक्त रखने की तैयारी के तहत दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने शुक्रवार से शुरू किया गया अतिक्रमण विरोधी अभियान रविवार को छुट्टी के दिन भी जारी रखा। खारी बावली, सदर बाजार और तीस हजारी क्षेत्र में हुई कार्रवाई में कई पुराने अतिक्रमण हटाए गए। अतिक्रमण के चलते करीब 40 फीट चौड़ी सड़क जहां 10-12 फीट तक ही रह गई थी, अब वह पूर्व की तरह अतिक्रमण मुक्त हो गई है। खारी बावली की मुख्य सड़क पर 40 से 50 साल पुराने अतिक्रमण भी कार्रवाई की जद में आए, जहां पहले पटरी लगाकर कारोबार किया जाता था और धीरे-धीरे इन अस्थायी ढांचों को दुकानों का रूप दे दिया गया था।
अभियान में लाइसेंसिंग, स्वास्थ्य और रखरखाव विभाग की टीमें शामिल रहीं। इस दौरान करीब चार ट्रक मलबा हटाया गया और रेहड़ी-पटरी तथा टीन के सामान भी जब्त किए गए। सड़कों पर बनाए गए थड़े भी हटाए गए, जिन पर लंबे समय से कब्जा जमाए बैठे लोगों ने इन्हें अपनी स्थायी जगह मान लिया था।
नगर कीर्तन के मार्ग में किसी तरह की बाधा न रहे, इसके लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने निगम को स्पष्ट निर्देश दिए थे। इसी क्रम में एमसीडी आयुक्त संजीव खिरवार के निर्देश पर कार्रवाई की गई। कार्रवाई से स्थानीय व्यापारियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है। उनका मानना है कि अतिक्रमण हटने से नगर कीर्तन में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और बाजार में लगने वाले जाम से भी राहत मिलेगी। खारी बावली मसालों और सूखे मेवों का प्रमुख थोक बाजार है, जहां देशभर से व्यापारी खरीदारी के लिए पहुंचते हैं।
उल्लेखनीय है कि 20 नवंबर को सांसद प्रवीन खंडेलवाल के नेतृत्व में भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री के समक्ष पुरानी दिल्ली में अतिक्रमण और अवैध रिक्शों की समस्या उठाई थी। दिल्ली भाजपा के मीडिया प्रमुख एवं चांदनी चौक नागरिक मंच के महासचिव प्रवीण शंकर कपूर ने कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कई दशक पुराने अतिक्रमण हटाने का निर्णय लेना आसान नहीं था और मुख्यमंत्री ने असंभव को संभव कर दिखाया है।
